North India Weather: फरवरी का दूसरा हफ्ता शुरू होते ही उत्तर भारत के मौसम ने एक बार फिर साफ संकेत दे दिए हैं कि सर्दी अब धीरे-धीरे विदाई की तैयारी में है, लेकिन पूरी तरह जाने में अभी वक्त लगेगा. कहीं दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है तो कहीं सुबह-शाम की ठंड और कोहरा अब भी लोगों को परेशान कर रहा है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश तक मौसम का मिजाज अलग-अलग रंग दिखा रहा है.
दिल्ली-NCR: फरवरी में गर्मी की झलक
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन मौसम गर्म रहा और इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी ज्यादा है. दिन में तेज धूप निकल रही है, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड अब भी महसूस हो रही है. आने वाले दिनों में आंशिक बादल रह सकते हैं, मगर बारिश की कोई संभावना नहीं है. नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी हालात कुछ ऐसे ही है.
UP: कोहरे का अंतिम दौर, धूप से राहत
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम ट्रांजिशन फेज में है. मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे का असर अब अपने आखिरी चरण में है. पश्चिमी यूपी में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि पूर्वी यूपी के गोरखपुर, पीलीभीत, देवरिया, वाराणसी जैसे जिलों में सुबह के समय कोहरे की चेतावनी दी गई है. राहत की बात यह है कि यह कोहरा सिर्फ सुबह तक सीमित रहेगा और दिन चढ़ते ही धूप खिलने लगेगी. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास रह सकता है. हालांकि धूप बढ़ने के बावजूद वायु गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है, जहां AQI मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है.
हरियाणा और राजस्थान का हाल
हरियाणा में मौसम फिलहाल स्थिर है. दिन का तापमान 24-26 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि रातें अब भी ठंडी हैं. अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की हवाएं और आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं. राजस्थान में भी मौसम शुष्क है. दिन सुहावने हो रहे हैं, लेकिन रात और सुबह की ठंड अभी लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर रही है.
बिहार और झारखंड: कोहरा बरकरार
बिहार के उत्तर और सीमांचल इलाकों में घना कोहरा अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. सुपौल, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी में सुबह दृश्यता काफी कम हो जाती है. वहीं, दक्षिण बिहार में दिन में धूप निकलने से हल्की गर्माहट महसूस हो रही है. झारखंड में भी तापमान में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. जमशेदपुर और सरायकेला जैसे इलाकों में दोपहर में गर्मी का अहसास है, जबकि सुबह-शाम ठंडी हवाएं परेशान कर रही हैं.
हिमाचल: पहाड़ों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम अब भी सख्त है. ताबो और कुकुमसेरी जैसे इलाकों में तापमान माइनस में दर्ज किया गया है. 11 से 16 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा.
आगे क्या कहता है मौसम विभाग
IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट और फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में दिन सुहावने और रातें हल्की ठंडी बनी रहेंगी.
ये भी पढ़ें: Don 3 विवाद: रणवीर सिंह को भारी पड़ा फिल्म छोड़ना, फरहान अख्तर ने मांगे 40 करोड़
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


