Amit Shah Puducherry Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पुडुचेरी के दौरे पर रहेंगे. केंद्र शासित प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनका यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. अमित शाह कराईकल में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
ऐसा रहेगा कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह हेलिकॉप्टर से तिरुनल्लर पहुंचेंगे. इसके बाद वे प्रसिद्ध तिरुनल्लर मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं. मंदिर दर्शन के बाद वे सीधे म्युनिसिपल ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
इस रैली में हजारों समर्थकों के जुटने की उम्मीद है. बीजेपी का लक्ष्य कराईकल की सभी पांच विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करना है. पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि रैली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और ‘भूमि पूजन’ 7 फरवरी को ही कर लिया गया था.
500 पुलिसकर्मी के साथ सुरक्षा चाक-चौबंद
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए कराईकल में सुरक्षा का कड़ा पहरा है. करीब 500 पुलिसकर्मियों को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है. पुडुचेरी पुलिस के डीआईजी की निगरानी में प्रमुख चौराहों, कार्यक्रम स्थल और एंट्री पॉइंट्स पर सुरक्षा बल मुस्तैद हैं. भीड़ नियंत्रण और वीआईपी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
कल दिल्ली में हुई थी अहम बैठक
पुडुचेरी रवाना होने से ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार (13 फरवरी) को गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. गृह मंत्री ने पुडुचेरी में तीन नए आपराधिक कानूनों (भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम) के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि इन कानूनों को जल्द से जल्द पूरी तरह लागू किया जाए.
ये भी पढ़ें: गोरखपुर में 3 दिन तक चलेगा संघ प्रमुख के बैठकों का दौर, जानिए मोहन भागवत का पूरा प्लान
अमित शाह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुडुचेरी में एफआईआर (FIR) मुख्य रूप से तमिल भाषा में ही दर्ज की जानी चाहिए. हालांकि, जिसे आवश्यकता हो, उसे यह अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (NAFIS) के तहत सभी गिरफ्तार अपराधियों के फिंगरप्रिंट दर्ज करने पर जोर दिया, ताकि डेटाबेस का अधिकतम उपयोग कर अपराधों पर लगाम लगाई जा सके. बैठक में गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए गए नए कानूनों को लागू करने की दिशा में पुडुचेरी ने अच्छा काम किया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


