Bharat Express DD Free Dish

बांग्लादेश की जीत पर कोलकाता से ढाका तक खुशियों की गूंज, ममता बनर्जी ने ‘भाई’ तारिक रहमान को भेजे फूल और मिठाई

बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बनने जा रहे तारिक रहमान को ममता बनर्जी ने कोलकाता से विशेष तोहफा भेजा है. ढाका के गुलशन कार्यालय में मिठाइयां और फूल भेंट कर उन्होंने ‘तारिक भाई’ की जीत का जश्न मनाया और भारत-बांग्लादेश के मजबूत होते रिश्तों पर जोर दिया.

Mamata Banerjee, Tarique Rahman, Bangladesh Election 2026
Edited by Sahil Singh

Mamta Banerjee Congratulated Tarique Rehman: पड़ोसी देश बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन और आम चुनाव के नतीजों ने न केवल वहां की राजनीति, बल्कि सरहद के इस पार पश्चिम बंगाल में भी हलचल पैदा कर दी है. बांग्लादेश चुनाव में ‘बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी’ (BNP) की बंपर जीत के बाद अब तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना पूरी तरह तय है. 17 फरवरी को होने वाले उनके शपथ ग्रहण समारोह की चर्चाओं के बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक खास अंदाज सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक चर्चा का विषय बना हुआ है.

‘तारिक भाई’ के लिए मिठाई और फूल

ममता बनर्जी ने न केवल तारिक रहमान को उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी, बल्कि अपने रिश्तों की मिठास को और बढ़ाते हुए ढाका स्थित बीएनपी के कार्यालय में ताजे फूलों के गुलदस्ते और मिठाइयां भी भिजवाईं. ममता बनर्जी ने तारिक रहमान को अपना ‘भाई’ बताते हुए इस जीत को बांग्लादेश की जनता की जीत करार दिया. ढाका के गुलशन इलाके में स्थित बीएनपी चेयरपर्सन के दफ्तर में यह तोहफे स्वीकार किए गए, जिसे दोनों देशों के बीच भविष्य के मधुर संबंधों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

सोशल मीडिया पर दी एडवांस में रमजान की बधाई

सिर्फ मिठाइयां ही नहीं, ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर भी एक इमोशनल पोस्ट साझा किया. उन्होंने लिखा, “बांग्लादेश के मेरे सभी भाइयों और बहनों को इस शानदार जीत पर दिल से मुबारकबाद. मेरे भाई तारिक रहमान और उनकी पूरी टीम ने कमाल कर दिया.”

दिलचस्प बात यह रही कि ममता ने जीत की बधाई के साथ-साथ आने वाले पवित्र महीने रमजान की अग्रिम शुभकामनाएं भी दे डालीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वक्त में भारत और बांग्लादेश के रिश्ते और भी मजबूत और भरोसेमंद बनेंगे.

चुनाव नतीजों ने चौंकाया

राजनीतिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तारिक रहमान को इस सफलता पर बधाई दी है. पीएम मोदी ने बीएनपी की इस जीत को लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया. अगर चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी और उसके सहयोगियों ने मिलकर 300 में से 212 सीटों पर कब्जा जमाया है, जो अपने आप में एक जबरदस्त जनादेश है.

ये भी पढ़ें- PM Modi Bangladesh Visit: क्या तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में जाएंगे प्रधानमंत्री? ढाका से आया न्योता, जानें कहां फंसा पेंच!

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read