Bharat Express DD Free Dish

बौखलाए शाहिद अफरीदी! दामाद हो या कप्तान, भारत से मिली करारी हार के बाद बोले- ‘इन तीनों को बाहर निकालो’

भारत-पाकिस्तान महामुकाबले में करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तानी दिग्गजों का गुस्सा फूट पड़ा है. शाहिद अफरीदी ने एक टीवी शो के दौरान कप्तान बाबर आजम और अपने ही दामाद शाहीन अफरीदी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें टीम से ड्रॉप करने की वकालत की है. मोहम्मद यूसुफ ने भी इस सुर में सुर मिलाया है.

Shahid Afridi, India vs Pakistan, IND VS PAK

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी क्रिकेट का मुकाबला होता है, तो मैदान पर पसीना खिलाड़ी बहाते हैं, लेकिन धड़कनें सरहद के दोनों पार करोड़ों फैंस की बढ़ी होती हैं. पर जब मुकाबला एकतरफा हो और पाकिस्तान को भारत के हाथों करारी शिकस्त झेलनी पड़े, तो पड़ोसी मुल्क में कोहराम मचना तय है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को जो 61 रनों की करारी शिकस्त दी है, उसका दर्द वहां के पूर्व दिग्गजों को सोने नहीं दे रहा है.

सबसे ज्यादा चर्चा में हैं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी. अक्सर अपनी बड़ी-बड़ी बातों के लिए सुर्खियों में रहने वाले अफरीदी इस हार से इतने तिलमिला गए हैं कि उन्होंने अपनों को ही निशाने पर ले लिया. गुस्से का आलम यह था कि उन्होंने टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ अपने दामाद शाहीन शाह अफरीदी को भी नहीं बख्शा.

“दामाद हो या कप्तान, सबको बाहर करो”

एक पाकिस्तानी टीवी शो पर चर्चा के दौरान अफरीदी का गुस्सा सातवें आसमान पर था. उन्होंने साफ़ लफ्जों में कह दिया कि अब टीम में बड़े बदलावों की जरूरत है. अफरीदी ने कहा, “अगर फैसला मेरे हाथ में होता, तो मैं बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को तुरंत टीम से बाहर का रास्ता दिखा देता.”

अफरीदी का तर्क सीधा था, ये खिलाड़ी लंबे समय से टीम का हिस्सा हैं, इन्हें भरपूर मौके मिले, लेकिन नतीजे सिफर रहे. उनका मानना है कि अब वक्त आ गया है कि इन ‘नामचीन’ चेहरों के मोह को छोड़कर नए खिलाड़ियों को मौका दिया जाए.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: T20 वर्ल्डकप में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका में 61 रन से हराया; सुपर-8 में टीम इंडिया

मोहम्मद यूसुफ ने भी सुर में सुर मिलाया

हैरानी की बात यह रही कि अफरीदी की इस तीखी आलोचना का समर्थन एक और दिग्गज खिलाड़ी मोहम्मद यूसुफ ने भी किया. यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा कि बाबर, शाहीन और शादाब का टी20 करियर अब खत्म मान लेना चाहिए. उन्होंने भी नए खून को टीम में शामिल करने की वकालत की. पाकिस्तान में इस वक्त माहौल ऐसा है कि हार का ठीकरा इन तीन बड़े खिलाड़ियों पर ही फोड़ा जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read