Bharat Express DD Free Dish

Gold Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में भारी विस्फोट, 2 दिन में चांदी 20,000 रुपये उछली, सोना भी पहुंचा रिकॉर्ड स्तर पर

घरेलू और वैश्विक बाजारों में हलचल के चलते सोने-चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं. जहां चांदी 2.45 लाख के करीब पहुंच गई है, वहीं सोना 1.55 लाख के पार ट्रेड कर रहा है. फेडरल रिजर्व के फैसले और कम लिक्विडिटी ने बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना दिया है.

Gold Silver Price Today, Gold price today, Silver price today

Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की खरीदारी का मन बना रहे लोगों के लिए पिछले दो दिन किसी झटके से कम नहीं रहे. अगर आप सोच रहे थे कि कीमतें थोड़ी कम होंगी, तो बाजार ने आपकी उम्मीदों पर पानी फेरते हुए एक ऐसी छलांग लगाई है जिसने बड़े-बड़े निवेशकों के कान खड़े कर दिए हैं. महज दो कारोबारी सत्रों के भीतर चांदी की कीमतों में करीब 20,000 रुपये प्रति किलो का भारी उछाल आया है, जबकि सोना भी अपने नए शिखर की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है.

बाजार में आई कीमतों की ‘सुनामी’

आंकड़ों पर गौर करें तो चांदी ने इस बार वाकई हैरान कर दिया है. यह करीब 2,45,213 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर जा पहुंची है. वहीं, सोने की बात करें तो दो दिनों में इसमें 5,000 रुपये से ज्यादा की मजबूती देखी गई और अब यह 1,55,761 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड कर रहा है. ज्वैलरी मार्केट हो या ट्रेडिंग फ्लोर, हर तरफ बस इसी बात की चर्चा है कि आखिर ये तेजी थमेगी कहां?

आखिर क्यों लगी है कीमतों में आग?

इस तेजी के पीछे सिर्फ घरेलू कारण नहीं, बल्कि सात समंदर पार की हलचल भी जिम्मेदार है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड संभलकर 5,000 डॉलर प्रति औंस के पास पहुंच गया है, वहीं चांदी 77.91 डॉलर प्रति औंस के करीब है.

दरअसल, एशियाई बाजारों में छुट्टियों की वजह से ट्रेडिंग वॉल्यूम काफी कम था, जिससे लिक्विडिटी की कमी हुई और कीमतों में अचानक बड़े उतार-चढ़ाव देखने को मिले.

इसके अलावा, दुनिया भर के निवेशकों की नजरें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक और महंगाई के आंकड़ों पर टिकी हैं. वहां से मिलने वाले संकेतों ने बाजार में एक अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है. कुछ अधिकारी ब्याज दरों को स्थिर रखने की बात कर रहे हैं, तो कुछ भविष्य में कटौती के संकेत दे रहे हैं. सीधा सा गणित ये है कि जब भी ब्याज दरों को लेकर ऐसी खींचतान होती है, सोने-चांदी के भावों में हलचल तेज हो जाती है.

ये भी पढ़ें- शादियों के सीजन में सोने-चांदी के दाम ने दी ‘टेंशन’, गिरावट के बाद फिर आई तगड़ी उछाल; जानें क्या है नया रेट

निवेशकों के लिए क्या है सलाह?

हालांकि ईरान-अमेरिका के बीच जारी बातचीत से भू-राजनीतिक तनाव थोड़ा कम हुआ है, जिससे उम्मीद थी कि सोने पर दबाव बनेगा, लेकिन बाजार ने इसके उलट मजबूती दिखाई. विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही ऊंचे स्तरों पर पहुंचने के बाद थोड़ी मुनाफावसूली देखने को मिले, लेकिन सोने का लंबी अवधि का ‘बुलिश’ ट्रेंड अभी खत्म नहीं हुआ है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read