रिपोर्ट- आंचल तिवारी
मुंबई के विलेपार्ले इलाके में एक ज्वेलरी कारोबारी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) का सदस्य बताकर व्हाट्सऐप के जरिए कारोबारी से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
ऐसे रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अजित सोहनलाल जैन (46), जो विलेपार्ले पूर्व में ज्वेलरी शॉप चलाते हैं, उन्हें 12 फरवरी से व्हॉट्सऐप पर धमकी भरे संदेश मिल रहे थे. मैसेज में 20 लाख रुपये की मांग की गई थी और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई थी. बाद में सौदेबाजी के बाद 5 लाख रुपये में डील तय हुई.
15 और 16 फरवरी को लगातार कॉल और संदेशों के जरिए आरोपियों ने रकम तैयार रखने को कहा. 16 फरवरी को दोपहर 2 बजे कुर्ला टर्मिनस पर पैसे पहुंचाने के निर्देश दिए गए. कारोबारी ने अपने दो कर्मचारियों, मनीष परिहार (30) और अशोक त्रिवेदी (32) को 5 लाख रुपये एक बैग में देकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस के पार्किंग परिसर स्थित हल्दीराम रेस्टोरेंट के पास खड़ा रहने को कहा.
‘लालपरी’ था कोड वर्ड
शाम करीब 4:30 बजे कॉलर ने बताया कि उसका आदमी “लालपरी” कोड वर्ड बताएगा. कुछ देर बाद चार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे. पहले बैग चेक करने के बाद दो युवकों ने “लालपरी” कोड वर्ड बोला और कर्मचारियों से पैसों से भरा बैग ले लिया.
200 मीटर पीछा कर दबोचे गए
पहले से सादी वर्दी में तैनात पुलिस टीम ने आरोपियों का करीब 200 मीटर तक पीछा किया और उन्हें ऑटो में बैठकर भागने की कोशिश करते समय दबोच लिया. तलाशी में 5 लाख रुपये नकद और कई मोबाइल फोन बरामद हुए. गिरफ्तार ओरपी में दो पुणे के और दो मुंबई के रहने वाले थें. गिरफ्तार आरोपियों में दीपक नरेंद्र डंगोल (19), निवासी पुणे, माजिद साजिद खान (21), निवासी गोवंडी मुंबई, फैजान फिरोज खान (27), निवासी पुणे और साहिल इलियाज शेख (20), निवासी गोवंडी मुंबई शामिल है.
एक आरोपी के पास से सोने रंग का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने इम्तियाज और वशीर नामक व्यक्तियों के कहने पर रकम लेने की बात कबूल की है.
ये भी पढ़ें: ‘The Kerala Story 2’ पर कानूनी संकट, रिलीज से पहले हाईकोर्ट में रोक की मांग
आगे की जांच जारी
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच कर रही है. साथ ही मुख्य साजिशकर्ताओं की तलाश जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



