Bharat Express DD Free Dish

टीम इंडिया में हो सकता है बड़ा बदलाव! इस मैच विनर की होगी प्लेइंग-11 में एंट्री? सुनील गावस्कर ने दी सलाह

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की हार ने टीम इंडिया की रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब जिम्बाब्वे के खिलाफ ‘करो या मरो’ वाले मैच से पहले सुनील गावस्कर ने अक्षर पटेल को खिलाने और अर्शदीप सिंह को लेकर चौंकाने वाला सुझाव दिया है.

T20 World Cup 2026, Team India, Sunil Gavaskar

T20 World Cup 2026 के सुपर-8 राउंड में साउथ अफ्रीका के हाथों मिली 76 रनों की शर्मनाक हार ने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी है. इस हार के बाद न सिर्फ क्रिकेट फैंस नाराज हैं, बल्कि कई दिग्गजों ने भी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. अब सबकी नजरें जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अगले अहम मुकाबले पर हैं और इसी बीच पूर्व कप्तान Sunil Gavaskar ने टीम मैनेजमेंट को एक सलाह दी है जिसने एक नई बहस छेड़ दी है.

क्या अक्षर पटेल की होगी वापसी?

सुनील गावस्कर का मानना है कि पिछले मैच में ऑलराउंडर अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना एक बड़ी गलती थी. अक्षर की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया था, लेकिन मैदान पर न तो वह अपने बल्ले का कमाल दिखा पाए और न ही अपनी गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान कर सके. गावस्कर ने साफ कहा कि जिम्बाब्वे की टीम में ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज नहीं हैं, ऐसे में अक्षर की स्पिन गेंदबाजी खिलाड़ियों पर काफी असरदार साबित हो सकती है.

अर्शदीप पर गिर सकती है गाज!

सबसे चौकाने वाली बात यह रही कि गावस्कर ने अक्षर को टीम में फिट करने के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बाहर बैठाने का सुझाव दिया. हालांकि, गावस्कर ने खुद यह कबूला कि अर्शदीप ने पिछले मैच में अच्छी लय दिखाई थी और किसी फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को ड्रॉप करना कप्तान के लिए काफी मुश्किल होता है. लेकिन टीम के संतुलन को देखते हुए उन्होंने इस कड़े फैसले की बात कही है.

ये भी पढ़ें- ‘सूर्यकुमार भी स्ट्रगल कर रहे…’ अफ्रीकी टीम से यहां हार गया भारत, पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने बताई वजह

मैनेजमेंट की अपनी दलील

दूसरी तरफ, टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ ने अक्षर को बाहर रखने के फैसले का बचाव किया है. सहायक कोच रयान टेन डोशेट और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक का कहना है कि यह फैसला किसी खिलाड़ी की काबिलियत पर शक नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से ‘मैच-अप’ और रणनीति का हिस्सा था. मैनेजमेंट मिडिल ओवरों में अपनी बल्लेबाजी को और गहराई देना चाहता था, इसलिए एक अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ मैदान में उतरा.

अब सवाल यह है कि क्या कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच जिम्बाब्वे के खिलाफ फिर से वही पुराना रिस्क लेंगे या गावस्कर की सलाह मानकर अक्षर पटेल को वापस लाएंगे? सुपर-8 की रेस में बने रहने के लिए भारत को अब हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. अगर यहां कोई चूक हुई, तो सेमीफाइनल की राह बहुत मुश्किल हो जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest