Bihar News: नवादा सदर अस्पताल में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सिविल सर्जन का चैंबर और दवा स्टोर इसकी चपेट में आ गए. इस हादसे में लाखों रुपये की दवाएं और अस्पताल की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना में छह लोग घायल भी हुए हैं.
चैंबर और उपकरण नष्ट
आग की लपटों ने सिविल सर्जन का पूरा चैंबर तबाह कर दिया. उनकी कुर्सी, फर्नीचर और अन्य सामान जल गया. दो एयर कंडीशनर भी आग की भेंट चढ़ गए. आग लगने के बाद बिजली का करंट फैल गया, जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
गैर-कानूनी दवा स्टोर पर सवाल
अस्पताल परिसर में सर्जिकल वार्ड और चैंबर के बीच हाल ही में एक दवा स्टोर बनाया गया था. आरोप है कि यह स्टोर नियमों को ताक पर रखकर बनाया गया और इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को नहीं दी गई. पहले यहां मरीजों और परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था थी, जिसे हटाकर स्टोर बना दिया गया.
मरीजों में दहशत
जहां आग लगी, उसके पास ही सर्जिकल वार्ड में कई मरीज भर्ती थे. आग फैलते ही सभी मरीज वार्ड छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए. दमकल विभाग ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
ये भी पढ़ें-‘जन औषधि दिवस’ पर पीएम मोदी ने देश को दी बधाई, बताया कैसे बदल रही है सेहत की तस्वीर
अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
इस घटना ने अस्पताल की लापरवाही को उजागर कर दिया है. मरीजों और परिजनों का कहना है कि अस्पताल की व्यवस्था बेहद खराब है और यहां जगह-जगह गोदाम बना दिए गए हैं. अस्पताल प्रबंधक कुमार आदित्य ने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी और जांच जारी है. लोगों का आरोप है कि अस्पताल भगवान भरोसे चल रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

