Bharat Express DD Free Dish

उत्तम नगर हत्याकांड में ‘बुलडोजर एक्शन’! निजामुद्दीन का घर मटियामेट; अब तक क्या-क्या हुआ?

Delhi Uttam Nagar Murder Case Update: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई तरुण कुमार की जघन्य हत्या के मामले में प्रशासन ने ‘बुलडोजर एक्शन’ के साथ कड़ा संदेश दिया है. पुलिस और दिल्ली नगर निगम (MCD) की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात है.

Delhi Uttam Nagar Murder Case Update Bulldozer Action

Delhi Uttam Nagar Murder Case Update: राजधानी के उत्तम नगर (जेजे कॉलोनी) में 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में दिल्ली प्रशासन ‘फुल एक्शन मोड’ में नजर आ रहा है. रविवार को एमसीडी की टीम ने मुख्य आरोपियों में से एक, निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया. अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध निर्माण के आधार पर की गई है.

एक गुब्बारा और 5 दशक की रंजिश

घटना की शुरुआत होली के दिन (4 मार्च) शाम को हुई. तरुण की 11 वर्षीय चचेरी बहन ने छत से पानी का गुब्बारा फेंका, जिसकी कुछ छींटें नीचे से गुजर रही एक महिला पर जा गिरीं. तरुण के परिवार का आरोप है कि माफी मांगने के बावजूद दूसरे समुदाय के आरोपियों ने उन्हें जातिवादी गालियां दीं. जब रात करीब 11 बजे तरुण घर लौटा, तो आरोपियों ने रॉड, हॉकी स्टिक और पत्थरों से उस पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल तरुण की अगले दिन अस्पताल में मौत हो गई.

7 गिरफ्तार, लगीं गंभीर धाराएं

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 7 लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. उमरदीन (49), जुम्मदीन (36), कमरुद्दीन (36), मुस्तैक (46), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) को गिरफ्तार किया गया है. एफआईआर में हत्या (धारा 103-1) के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं.

इलाके में तनाव और सुरक्षा व्यवस्था (Delhi Bulldozer Action)

तरुण की मौत की खबर फैलते ही इलाके में हिंसा भड़क उठी थी. गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ की और एक कार को आग के हवाले कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. पूरे इलाके को 3 जोन में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में रखा गया है. गिरफ्तारी के डर से आरोपियों के परिवार अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं.

अब तक का घटनाक्रम

  • 4 मार्च (होली): गुब्बारा फेंकने को लेकर विवाद और तरुण पर जानलेवा हमला
  • 5 मार्च: अस्पताल में इलाज के दौरान तरुण की मौत, इलाके में प्रदर्शन और हिंसा
  • 6-7 मार्च: पुलिस द्वारा 7 आरोपियों की धरपकड़ और सुरक्षा बलों की तैनाती
  • 8 मार्च: एमसीडी द्वारा आरोपी निजामुद्दीन के घर पर बुलडोजर कार्रवाई

ये भी पढ़ें: बिहार में ये क्या हो रहा है? मछली विवाद में मुखिया को कीचड़ में पटककर पीटा; जानें भागलपुर का मामला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सख्त रुख (CM Rekha Gupta On Delhi Murder Case)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे समाज को झकझोर देने वाला बताया. उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि दिल्ली में ऐसी दरिंदगी के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति है. उन्होंने प्रशासन को दोषियों के विरुद्ध कठोरतम और उदाहरणात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read