Urdu Conclave 2026

मदुरै की ऊंची उड़ान: मोदी सरकार का बड़ा फैसला, मदुरै एयरपोर्ट अब हुआ ‘इंटरनेशनल’

Madurai International Airport: केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट घोषित कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया.

Madurai Airport declared international airport

Madurai International Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने का फैसला लिया है. मंगलवार (10 मार्च) को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. इस फैसले के बाद मदुरै से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रास्ता खुल जाएगा और दक्षिणी तमिलनाडु के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.

मदुरै शहर मंदिरों के लिए काफी प्रसिद्ध

सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मदुरै शहर मंदिरों के लिए काफी प्रसिद्ध है और यह तमिलनाडु के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है. मदुरै हवाई अड्डा राज्य के सबसे पुराने एयरपोर्ट्स में से एक है और लंबे समय से दक्षिणी तमिलनाडु के लिए एक अहम प्रवेश द्वार की भूमिका निभा रहा है.

पर्यटन को मिलेगा बढ़वा

एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलने से यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है. इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा. सरकार का मानना है कि इस फैसले से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पूरे इलाके के आर्थिक विकास को फायदा मिलेगा.

350 हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य

केंद्र सरकार देश में विमानन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक देश में 350 हवाई अड्डे बनाने का है. नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने हाल ही में बताया कि इस समय भारत में 164 हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं और आने वाले वर्षों में करीब 200 नए हवाई अड्डे जोड़े जाएंगे.


ये भी पढ़ें: 5652 गांव और 1.47 करोड़ लोग; रेलवे के इस मेगा प्रोजेक्ट से कैसे बदलेगी बंगाल-झारखंड की तस्वीर? मोदी कैबिनेट ने ₹4,474 करोड़ को मंजूरी दी


उन्होंने कहा कि भारत में विमानन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है. पिछले 10 वर्षों में हवाई अड्डों की संख्या, यात्रियों की संख्या और विमानों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. सरकार का कहना है कि ‘उड़ान’ योजना और अन्य सुधारों के कारण देश में हवाई यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुलभ हो गई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read