Abhishek Sharma Captain: IPL 2026 के आगाड से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक ऐसी खबर आ रही है, जिसने फैंस के बीच खलबली मचा दी है. खबर है कि इस सीजन ऑरेंज आर्मी का नेतृत्व पैट कमिंस नहीं, बल्कि भारत के उभरते हुए सितारे अभिषेक शर्मा करते नजर आ सकते हैं. हालांकि, यह बदलाव स्थायी नहीं है, लेकिन हैदराबाद की टीम मैनेजमेंट ने भविष्य को देखते हुए एक बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर ली है.
आखिर क्यों बदला जा रहा है कप्तान?
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस अपनी फिटनेस से जूझ रहे हैं. साल 2025 से ही उनकी पीठ की चोट उनके लिए जी का जंजाल बनी हुई है. एशेज सीरीज के दौरान उनकी यह समस्या इतनी बढ़ गई थी कि उन्हें न सिर्फ एशेज के तीन टेस्ट मैच छोड़ने पड़े, बल्कि वह टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे.
मेडिकल टीम की रिपोर्ट के मुताबिक, कमिंस अभी भी पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं. ऐसे में 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के शुरुआती मैचों में उनका खेलना नामुमकिन लग रहा है. यही वजह है कि उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान अभिषेक शर्मा को सौंपने की चर्चाएं तेज हैं. जैसे ही कमिंस पूरी तरह फिट होकर लौटेंगे, कप्तानी वापस उन्हें सौंप दी जाएगी.
अभिषेक शर्मा ही क्यों हैं पहली पसंद?
अभिषेक शर्मा को कप्तान बनाने के पीछे मैनेजमेंट की एक सोची-समझी रणनीति है. पिछले कुछ समय में भारतीय क्रिकेट में अभिषेक का कद बहुत तेजी से बढ़ा है. वह अब केवल एक युवा खिलाड़ी नहीं, बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट का एक बड़ा नाम बन चुके हैं.
अभिषेक के पास अब आईपीएल का लंबा अनुभव है. उन्होंने अब तक 77 आईपीएल मैचों में करीब 160 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 1816 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं. लेकिन उनकी असली ताकत उनका निडर अंदाज है, जो विपक्षी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा देता है.
ये भी पढ़ें- ‘उनके पास अनुभव का खजाना…’, संजू का सपना हुआ पूरा! ‘थाला’ के साथ IPL में पहली बार साझा करेंगे ड्रेसिंग रूम
टी20 के ‘नंबर 1’ बल्लेबाज का जलवा
सिर्फ आईपीएल ही नहीं, इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अभिषेक का बल्ला जमकर बोल रहा है. फिलहाल वह दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज हैं. उनके आंकड़े किसी को भी हैरान कर सकते हैं 45 पारियों में 190 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट के साथ 1438 रन! इंटरनेशनल लेवल पर दो शतक जड़ चुके अभिषेक आज के दौर के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाते हैं.
फैंस को क्या है उम्मीद?
हैदराबाद के फैंस अभिषेक शर्मा को कप्तानी करते देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. स्थानीय स्तर पर और घरेलू क्रिकेट में भी अभिषेक ने अपनी लीडरशिप क्वालिटी दिखाई है. पैट कमिंस जैसे दिग्गज की जगह लेना आसान नहीं होगा, लेकिन अभिषेक की फॉर्म और उनका कॉन्फिडेंस देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

