Attack on Adhir Ranjan Chowdhury’s Convoy: पश्चिम बंगाल चुनाव की सरगर्मी के बीच बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार और कद्दावर नेता अधीर रंजन चौधरी बुधवार रात एक भीषण हादसे में बाल-बाल बच गए. घटना उस वक्त हुई जब अधीर रंजन कंडी में अपना चुनाव प्रचार खत्म कर बहरामपुर लौट रहे थे.
बताते चलें कि जिबंती और हाटपारा के बीच स्टेट हाईवे-11 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. कांग्रेस का दावा है कि अधीर चौधरी की गाड़ी पायलट कार के ठीक पीछे ही थी और ड्राइवर द्वारा सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाने की वजह से एक बड़ा अनर्थ टल गया.
क्या किसी साजिश के तहत हुआ हादसा?
इस टक्कर में कांग्रेस के मीडिया सेल के चेयरमैन केतन जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. साथ ही कई सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ सदस्यों को भी चोटें आई हैं. कांग्रेस पार्टी ने इस घटना को महज एक दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया है.
पार्टी का सीधा आरोप है कि चुनाव के ऐन पहले अधीर रंजन चौधरी को निशाना बनाने के लिए यह एक सुनियोजित और ‘प्लान्ड’ हमला था. कंडी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए हमलावर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है.
चुनावी माहौल में बड़ा तनाव
बहरामपुर विधानसभा सीट पर अधीर रंजन चौधरी की साख दांव पर है और बंगाल चुनाव के इस हाई-वोल्टेज माहौल में इस हादसे ने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग (EC) ने जिला पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है.
साथ ही घटना को लेकर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है, उनका मानना है कि अधीर चौधरी के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए विपक्ष द्वारा ऐसी साजिशें रची जा रही हैं. आयोग अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या यह वाकई एक सड़क हादसा था या फिर चुनाव प्रभावित करने की कोई गहरी साजिश.
यह भी पढ़ें: क्या वाकई पाकिस्तान ने कराया सीजफायर या कहानी कुछ और? शहबाज शरीफ के ‘कॉपी-पेस्ट’ पोस्ट से खुली पोल!
मुर्शिदाबाद में बढ़ी सियासी हलचल
अधीर रंजन चौधरी पर हुए इस हमले के आरोपों ने बंगाल की सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज कर दी है. मुर्शिदाबाद हमेशा से ही बंगाल की राजनीति का संवेदनशील केंद्र रहा है, ऐसे में एक बड़े नेता के काफिले को ट्रक द्वारा टक्कर मारा जाना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है. जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, चुनाव आयोग ने सुरक्षा बलों को और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से चुनाव प्रक्रिया बाधित न हो.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




