Mahakumbh Viral Girl Monalisa Case
Mahakumbh Viral Girl Monalisa Case: महाकुंभ मेले के बाद चर्चा में आई मोनालिसा की मां लता ने रविवार को कहा कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसे कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाया गया.
उन्होंने मोनालिसा के पति फरमान खान पर आरोप लगाते हुए कहा,
”उसने कहा था कि आपकी बेटी को बड़ी फिल्म मिलेगी. उसने यह भी कहा था कि अगर मोनालिसा का जन्म प्रमाण पत्र बन जाएगा तो सब कुछ साफ हो जाएगा.”
सरकार ने की मदद
मोनालिसा की मां ने कहा कि सरकार ने उन्हें जन्म से जुड़े दस्तावेज हासिल करने में मदद की.
उन्होंने कहा कि मेरी बेटी का जन्म एक सरकारी अस्पताल में हुआ था. मैंने अस्पताल के अधिकारियों से विनती की कि मेरी बेटी चली गई है, कृपया उसके (जन्म) दस्तावेज में मदद करें.
लता ने कहा कि अब सरकार ने सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं. इसमें स्पष्ट है कि मेरी बेटी नाबालिग है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपील की कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द घर वापस लाने में मदद की जाए.
मेरी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाया जाए
उन्होंने कहा, ”मैं सरकार और अधिकारियों से अपील करती हूं कि मेरी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाया जाए.”
इससे पहले, मध्य प्रदेश पुलिस ने फरमान खान के खिलाफ पोक्सो मामला दर्ज किया था, जब जांच में यह सामने आया कि मोनालिसा नाबालिग है.
यह मामला राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की जांच के बाद दर्ज किया गया, जिसमें पाया गया कि महाकुंभ मेले की वायरल गर्ल मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था और शादी के समय वह केवल 16 वर्ष की थी.
शादी को वैध दिखाने के लिए बना फर्जी प्रमाण पत्र
आयोग ने यह भी आरोप लगाया है कि शादी को वैध दिखाने के लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाया गया. इस मामले में केरल और मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशकों को 22 अप्रैल को दिल्ली में पेश होने के लिए समन भेजा गया है.
इस घटना ने 11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पोवार स्थित एक मंदिर में हुई हाई-प्रोफाइल शादी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे काफी ध्यान और राजनीतिक समर्थन मिला था.
ये भी पढ़ें- करोड़ों की मालकिन और 14 देशों में रेस्टोरेंट! संगीत ही नहीं, बिजनेस की भी क्वीन थीं आशा भोसले; जानें कुल नेटवर्थ
यह विवाह उस समय हुआ जब जोड़े ने थंपानूर पुलिस स्टेशन में जाकर सुरक्षा मांगी थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और लड़की का परिवार विरोध कर रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

