Bharat Express DD Free Dish

डोंबिवली मददगार बना दरिंदा: स्नैपचैट वाले दोस्त ने मदद के बहाने किया रेप, आया था पिटाई से बचाने लूटकर हुआ फरार

Dombivli Rape Case: महाराष्ट्र के डोंबिवली में एक युवती के साथ दर्दनाक वारदात हुई है. सहेली के परिजनों द्वारा पीटे जाने के बाद, शिकायत दर्ज कराने के लिए बुलाए गए परिचित (क्रिश भोईर) ने युवती के साथ दुष्कर्म और लूटपाट की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Dombivli rape case Snapchat crime Krish Bhoir arrest

Dombivli Rape Case: अभिषेक पांडे/डोम्बिवली: महाराष्ट्र के डोंबिवली (Dombivli) से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज में भरोसे और इंसानियत को तार-तार कर दिया है. एक बेसहारा और अनाथ युवती पहले अपनी ही सहेली के परिवार वालों की बर्बरता का शिकार हुई और उसके बाद, जब उसने एक परिचित से मदद की गुहार लगाई, तो उस ‘मददगार’ ने ही उसे अपनी दरिंदगी का शिकार बना लिया.

सहेली के परिवार ने की बेरहमी से पिटाई

पुलिस के अनुसार, पीड़िता डोंबिवली में एक निजी संस्थान में काम करती है और उसके माता-पिता नहीं हैं. बताया जा रहा है कि किसी कथित झूठे आरोप को लेकर उसकी सहेली के परिवार वालों ने उसके साथ जमकर मारपीट की. इस क्रूर हमले में सहेली का पिता भी शामिल था. गंभीर रूप से घायल होने के बाद पीड़िता पुलिस में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी, लेकिन इस मुश्किल घड़ी में उसके साथ जाने वाला कोई नहीं था.

‘स्नैपचैट’ वाले दोस्त ने किया दुष्कर्म (Dombivli Snapchat crime)

अकेली और बेबस युवती ने सोशल मीडिया ऐप स्नैपचैट (Snapchat) के जरिए कुछ दिन पहले बने एक परिचित युवक से मदद मांगी. आरोपी, जिसकी पहचान क्रिश भोईर (Krish Bhoir) के रूप में हुई है, उसे मानपाडा पुलिस स्टेशन ले जाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया. लेकिन रास्ते में उसकी नीयत बदल गई और वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया.

हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई; दरिंदे ने पीड़िता से पैसे भी लूट लिए. उसने चालाकी से युवती के मोबाइल से सिम कार्ड निकाल लिया और मोबाइल लेकर फरार हो गया, जिससे पीड़िता पूरी तरह असहाय और संपर्क विहीन हो गई.

1 घंटे में अरेस्ट हुआ दरिंदा

किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता शिवसेना (शिंदे गुट) के केंद्रीय कार्यालय पहुंची और मदद की गुहार लगाई. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक राजेश मोरे ने तुरंत शिवसेना महिला आघाड़ी की कार्यकर्ताओं को पीड़िता के साथ पुलिस स्टेशन भेजा.

ये भी पढ़ें: TCS केस में बड़ा खुलासा: नया नाम ‘हनिया’; लड़की को मलेशिया भेजने वाली थी निदा खान; क्या है मालेगांव कनेक्शन?

पुलिस अधिकारी (Dombivli Police) संपत फडोल और उनकी टीम ने तेजी दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर दरिंदे क्रिश भोईर को गिरफ्तार कर लिया. शिवसेना की पदाधिकारी किरण मोंडकर, केतकी पवार, पल्लवी इंदुलकर और ललिता मेहर करीब आठ घंटे तक पुलिस स्टेशन में मौजूद रहकर पीड़िता को संबल देती रहीं.

पहले भी बनाया है लड़कियों को शिकार

मानपाडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच महिला पुलिस अधिकारी प्रियंका सादळकर कर रही हैं. पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्रिश ने इससे पहले भी अन्य युवतियों को अपना शिकार बनाया हो सकता है. एक अनाथ लड़की के साथ हुई यह खौफनाक वारदात एक बार फिर महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के जरिए बन रहे अनजान रिश्तों के खतरों पर गंभीर सवाल खड़े करती है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read