Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु में बड़ा सियासी उलटफेर! विजय को रोकने के लिए साथ आ सकते हैं धुर विरोधी DMK और AIADMK?

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां DMK और AIADMK के संभावित गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है.

DMK AIADMK alliance news

तमिलनाडु की राजनीति में इस समय बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया. हालांकि, सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है, जिसे कोई भी पार्टी अकेले नहीं छू सकी.

DMK-AIADMK का होगा गठबंधन?

इसी बीच राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि राज्य की दो बड़ी और लंबे समय से एक-दूसरे की धुर विरोधी पार्टियां DMK और AIADMK सरकार बनाने या टीवीके को रोकने के लिए किसी तरह का गठबंधन कर सकती हैं. अगर ऐसा होता है तो तमिलनाडु की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक मोड़ होगा, क्योंकि ये दोनों पार्टियां अब तक एक-दूसरे के खिलाफ ही चुनाव लड़ती आ रही हैं.

113 नहीं 118 की जरूरत

टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था. उन्होंने 113 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा, लेकिन राज्यपाल ने 118 विधायकों के समर्थन की शर्त रख दी. इसके बाद विजय ने कुछ और समय देने की मांग की. अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या टीवीके सरकार बना पाएगी या फिर विरोधी दल मिलकर कोई नया राजनीतिक समीकरण तैयार करेंगे.

शपथ ग्रहण टल सकता हैं

तमिलनाडु में चुनाव के बाद टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है, लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का आंकड़ा वह नहीं जुटा पाई है. 234 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी के पास अभी बहुमत से कम समर्थन है. विजय ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी की ताकत 107 विधायकों तक घट सकती है.


ये भी पढ़ें: बिहार में मंत्रीमंडल विस्तार: JDU के 16 मंत्री, बीजेपी के कितने? प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक कर गिनवाए सारे नाम!


पहले माना जा रहा था कि विजय 7 मई को शपथ लेंगे और कांग्रेस का समर्थन भी उनके साथ है, लेकिन पर्याप्त संख्या बल न होने की वजह से सरकार गठन में अड़चन आ गई है. इसी कारण शपथ ग्रहण कार्यक्रम के टलने की संभावना जताई जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read