Bharat Express DD Free Dish

बेंगलुरु से हैदराबाद तक: दक्षिण भारत के दौरे पर पीएम मोदी, देंगे 9500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे. बेंगलुरु में वे ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे, जबकि हैदराबाद में 9,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे.

PM Modi Visit Spiritual Event in Bengaluru and ₹9500 Cr Projects in Hyderabad

आज यानी 10 मई का दिन दक्षिण भारत के दो प्रमुख राज्यों, कर्नाटक और तेलंगाना के लिए बेहद अहम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ही दिन में अध्यात्म से लेकर बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास तक के कई बड़े कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. इस दौरे को लेकर दोनों ही राज्यों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

क्या है PM Modi का आज का प्लान?

इस दौरे की जानकारी पीएम मोदी ने खुद अपने एक्स हेंडल से दी है, जिसकी शुरुआत देश की ‘सिलिकॉन वैली’ कहे जाने वाले बेंगलुरु से होगी. सुबह करीब 11 बजे पीएम मोदी ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था के 45वें स्थापना दिवस समारोह में पहुंचेंगे. अध्यात्म और सेवा के क्षेत्र में दुनिया भर में पहचान बना चुकी इस संस्था के कार्यक्रम में पीएम न केवल शामिल होंगे, बल्कि वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे.

पिछले साढ़े चार दशकों से ये संस्था जिस तरह से सामाजिक सेवा और मानव कल्याण के कामों में जुटी है, उसे देखते हुए पीएम का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है. उम्मीद है कि वे यहाँ से शांति और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर अपनी बात रखेंगे.

9500 करोड़ की योजनाओं से चमकेगा तेलंगाना

बेंगलुरु के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव ‘नवाबों का शहर’ हैदराबाद होगा. यहां का कार्यक्रम पूरी तरह से विकास और भविष्य की योजनाओं पर केंद्रित है. पीएम मोदी यहां करीब 9,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. ये प्रोजेक्ट्स सड़क, रेलवे, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर से जुड़े हैं, जो आने वाले समय में तेलंगाना की तस्वीर बदलने का दम रखते हैं.

साथ ही प्रधानमंत्री यहां एक बड़े अस्पताल (सिंधु अस्पताल) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा.

सियासी माहौल भी होगा गर्म

विकास की सौगातें देने के बाद प्रधानमंत्री शाम को एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. राजनीति के लिहाज से यह हिस्सा काफी दिलचस्प होने वाला है. पीएम मोदी ने पहले ही संकेत दे दिया है कि वे तेलंगाना की वर्तमान और पिछली सरकारों पर हमलावर रहेंगे. उनका कहना है कि तेलंगाना की जनता अब पुराने कुप्रबंधन से ऊब चुकी है और विकास के लिए भाजपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है.

ये भी पढ़ें: ‘थलपति’ से तमिलनाडु की सियासत का सबसे पसंदीदा चेहरा बनने तक, जोसेफ विजय ने ‘TVK’ से ऐसे बनाया कीर्तिमान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read