रिपोर्ट-अभिषेक पांडे
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. कळंब तहसील के पांगडी गांव में एक महिला पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची. मामला सिर्फ घरेलू विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हत्या की कोशिश तक पहुंच गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला और उसके कथित प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना 3 मई की रात की बताई जा रही है. घायल गजानन मोरे के मुताबिक, वह अपने घर में गहरी नींद में सो रहे थे. रात करीब दो बजे अचानक उन्हें तेज बिजली का झटका लगा. झटके की वजह से उनकी नींद खुल गई और वह दर्द से तड़प उठे. बाद में पता चला कि उनके शरीर में करंट पहुंचाने के लिए बिजली की वायर में एल्युमिनियम का तार जोड़ा गया था.
इस हादसे में गजानन के दोनों हाथों के ऊपरी हिस्से बुरी तरह झुलस गए. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे. गांव में घटना की खबर फैलते ही सनसनी मच गई. लोगों के लिए यह यकीन करना मुश्किल था कि एक पत्नी पर अपने पति की जान लेने की कोशिश का आरोप लग सकता है.
अवैध संबंधों का आरोप
गजानन मोरे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी के गांव के ही रहने वाले विष्णू कडू आत्राम के साथ कथित तौर पर संबंध थे. उनका आरोप है कि यही वजह थी कि दोनों उन्हें अपने रास्ते का रोड़ा मानने लगे थे. पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि काफी समय से घर में तनाव का माहौल था और उन्हें अपनी पत्नी के व्यवहार पर शक भी था.
पुलिस जांच में सामने आया कि पति को नुकसान पहुंचाने की योजना पहले से बनाई गई थी. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने इसे सोची-समझी साजिश मानते हुए मामला दर्ज किया.
पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही वडगांव जंगल पुलिस की टीम गांव पहुंची. पुलिस ने घर से बिजली की वायर और एल्युमिनियम तार जब्त किए, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर करंट देने के लिए किया गया था. जांच और सबूत जुटाने के बाद 8 मई को पुलिस ने आरोपी पत्नी कवडी मोरे और उसके कथित प्रेमी विष्णू आत्राम को गिरफ्तार कर लिया.
दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 62(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस साजिश की योजना कब और कैसे बनाई गई थी.
ये भी पढ़ें: वर्दी बेबस, माफिया बेखौफ! MP के धार में शराब तस्करों को पकड़वाना एक परिवार को पड़ा भारी, उठा लिया खौफनाक कदम
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
