Bharat Express DD Free Dish

दौसा में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भारी बवाल, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम

Dausa Road Accident: दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार को माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डूंगर-सिकराय सड़क मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया.

Dausa Road Accident

Dausa Road Accident

रिपोर्ट- विष्णु आशीर्वाद दौसा


Dausa Road Accident: दौसा जिले के सिकराय क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद मंगलवार को माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया. हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डूंगर-सिकराय सड़क मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जानकारी के अनुसार डूंगर सिकराय निवासी अशोक महावर देर रात बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत उपजिला अस्पताल सिकराय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए. युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. आक्रोशित परिजन अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठ गए और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

परिजनों का आरोप है कि मामले में लापरवाही बरती गई है और जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे.

पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया जाम

उधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश कर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया, लेकिन अस्पताल परिसर में धरना जारी रहा. स्थिति को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो.

प्रशासन की ओर से मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया.

ये भी पढ़ें- पवन कल्याण का बांग्लादेश सरकार को अल्टीमेटम! जानें 500 दिनों से कैद इस्कॉन संत के लिए क्यों खौला ‘गब्बर सिंह’ का खून?

मानपुर थानाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. परिजनों से लगातार संवाद किया जा रहा है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है, वहीं प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास में जुटा हुआ है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read