Bharat Express DD Free Dish

बीकानेर में ड्रोन नेटवर्क का खुलासा: पंजाब-पाकिस्तान कनेक्शन से हथियार सप्लाई का पर्दाफाश

Bikaner Drone Network: बीकानेर में भारत-पाक सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पंजाब पुलिस और बीकानेर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया गया, जो पाकिस्तान से जुड़े ड्रोन ड्रॉपिंग नेटवर्क का किंगपिन बताया जा रहा है.

Bikaner Drone Network: राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाक सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है. 26 फरवरी 2026 को खाजूवाला इलाके में हिमगिरी बीएसएफ पोस्ट के पास से ड्रोन, पांच पिस्टल और करीब 300 कारतूस बरामद किए गए थे. शुरुआती जांच में ही पाकिस्तान से जुड़े तार सामने आए थे.

आरोपी सोनू की गिरफ्तारी

बीकानेर पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरीदकोट जेल में बंद सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया. सोनू पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और फिरोजपुर में 37 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में जेल की सजा काट रहा था. जांच में उसके खिलाफ चार अन्य मामलों में भी संलिप्तता मिली है.

मोबाइल से मिले अहम सबूत

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया. डेटा खंगालने पर पता चला कि सोनू कई बार ड्रोन ड्रॉपिंग घटनाओं में शामिल रहा है और उसके सीधे पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क थे. यही नेटवर्क सीमा पार से हथियार और नशे की खेप भारत में भेज रहा था.

नेटवर्क का संचालन पंजाब से

महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि जांच आईपीएस अनुष्ठा कालिया के निर्देशन में हुई. इसमें साफ हुआ कि हथियारों की सप्लाई का संचालन पंजाब से किया जा रहा था. तरनतारन, फाजिल्का, मुक्तसर, अमृतसर और अबोहर जैसे सीमावर्ती इलाकों से पाकिस्तान नेटवर्क भारतीय सीमा में हथियार और मादक पदार्थ भेजने की कोशिश कर रहा था.

किंगपिन की गिरफ्तारी

एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि सोनू पश्चिमी सीमा पर सक्रिय ड्रोन ड्रॉपिंग नेटवर्क का बड़ा किंगपिन है. उसकी गिरफ्तारी से हथियार और नशे की तस्करी करने वाले सिंडिकेट को तोड़ने में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है. पुलिस ने उन लोगों की पहचान भी कर ली है जो 26 फरवरी को ड्रोन से गिराए गए हथियारों को रिसीव करने वाले थे. जल्द ही दो और गिरफ्तारियां संभव हैं.

ये भी पढ़ें-सपा प्रवक्ता के विवादित बयान पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश, टिप्पणी के बाद मांगी माफी

सुरक्षा एजेंसियों की जांच

अब सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की तकनीकी जांच, मोबाइल डेटा एनालिसिस और सीमा पार नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं. इस कार्रवाई से साफ है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की सप्लाई का नेटवर्क लगातार सक्रिय है, जिसे तोड़ने के लिए पुलिस और बीएसएफ मिलकर काम कर रही हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read