Chhath Puja History & Mythology: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ महापर्व आज न केवल बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान है, बल्कि देश के हर महानगर से लेकर अमेरिका, मॉरीशस, फिजी और यूरोप तक प्रवासी भारतीयों के माध्यम से वैश्विक उत्सव बन चुका है. इस महापर्व की जड़ें हमारी प्राचीन वैदिक परंपराओं और पुराणों में गहराई से जुड़ी हुई हैं.
स्कंद पुराण की कथा: जब राजा प्रियव्रत के लिए प्रकट हुईं षष्ठी देवी
पौराणिक ग्रंथ स्कंद पुराण के अनुसार, छठ पूजा की शुरुआत प्रथम मनु स्वायंभुव के पुत्र राजा प्रियव्रत के काल में हुई थी. राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी संतानहीन थे. संतान प्राप्ति की कामना से उन्होंने महर्षि कश्यप से पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया. यज्ञ के प्रभाव से रानी ने एक पुत्र को जन्म तो दिया, लेकिन वह बालक मृत पैदा हुआ.
पुत्र वियोग से व्याकुल राजा प्रियव्रत श्मशान में उस शिशु के साथ प्राण त्यागने के लिए उद्यत हो गए. उसी क्षण आकाश से एक दिव्य ज्योति प्रकट हुई और ब्रह्म मानस पुत्री देवसेना ने दर्शन दिए. उन्होंने राजा से कहा- “मैं सूर्य की अर्धांगिनी उषा की ज्येष्ठ बहन षष्ठी देवी हूं. सृष्टि के समस्त बालकों की रक्षा करना मेरा दायित्व है. यदि तुम भक्तिभाव से मेरी आराधना करोगे, तो तुम्हें निश्चित ही संतान सुख प्राप्त होगा.” राजा प्रियव्रत और रानी ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को विधिपूर्वक देवी की पूजा की, जिससे उनके मृत पुत्र में प्राण लौट आए. तभी से लोक में संतान की रक्षा और दीर्घायु के लिए छठी मैया के व्रत की परंपरा शुरू हुई.
ऋग्वेद और बिहार गजेटियर में सूर्य उपासना का महत्व
बिहार पर्यटन विभाग के अभिलेखों के अनुसार, यह पर्व मूल रूप से प्रत्यक्ष देव सूर्य की आराधना और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा है. सनातन धर्म के सबसे प्राचीन ग्रंथ ऋग्वेद में भी सूर्य और उनकी रश्मियों की उपासना का विस्तृत वर्णन है, जिसके अनुसार सूर्योपासना से मनुष्य का तन और मन दोनों विकारमुक्त होकर शुद्ध होते हैं.
वहीं, बिहार सरकार के वर्ष 1970 के गजेटियर में उल्लेख है कि कार्तिक शुक्ल षष्ठी और सप्तमी को मनाया जाने वाला यह पर्व आरोग्य से सीधा जुड़ा है. शास्त्रों में भगवान सूर्य को कुष्ठ और चर्म रोगों सहित समस्त असाध्य बीमारियों के निवारण का देवता माना गया है. यही कारण है कि श्रद्धालु गंगा व अन्य पवित्र नदियों में स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं और परिवार के उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हैं.
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का अनूठा दर्शन
दुनिया के लगभग सभी धर्मों और संस्कृतियों में केवल उगते हुए सूर्य को नमन किया जाता है, किंतु छठ विश्व का एकमात्र ऐसा पर्व है जो अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य की भी उपासना करता है. यह हमें जीवन का यह गूढ़ दर्शन सिखाता है कि जिसका अस्त हुआ है, उसका उदय होना भी सुनिश्चित है, और जीवन के हर उतार-चढ़ाव को समान श्रद्धा से स्वीकार करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: सिर्फ ठेकुआ ही नहीं, डाभ नींबू और ईख के बिना अधूरा है छठ का सूप! जानिए छठी मैया के 5 सबसे प्रिय प्रसाद और उनका महत्व
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




