Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

अब बड़े सपने देख रहा है भारत, कंधे पर जिम्मेदारी ले रहे युवा- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत अब बड़े सपने देख रहा है और देश के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में देश को आगे ले जाने की आकांक्षा रखते हैं.

नीदरलैंड्स के द हेग में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की बदलती तस्वीर और भविष्य की दिशा को लेकर बड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि आज का भारत सिर्फ आगे बढ़ ही नहीं रहा, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी एक नई पहचान भी बना रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत अब बड़े और महत्वाकांक्षी सपने देख रहा है. खास बात यह है कि इन सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी देश के युवा अपने कंधों पर उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज भारत के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में देश को वैश्विक स्तर पर आगे ले जाने का लक्ष्य लेकर काम कर रहे हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है. देश में करीब 125 यूनिकॉर्न कंपनियां काम कर रही हैं और भारतीय स्टार्टअप अब केवल टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रक्षा, अंतरिक्ष और एआई जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.

डिजिटल भारत और वैश्विक पहचान

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने डिजिटल बदलाव के क्षेत्र में जिस गति से काम किया है, वह पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बन चुका है. दुनिया की सबसे बड़ी पहचान प्रणाली और सबसे बड़ी वित्तीय समावेशन योजना भारत में लागू की गई है, जिससे करोड़ों लोगों को सीधे लाभ मिला है.

उन्होंने यह भी कहा कि भारत का डिजिटलीकरण अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक मजबूत प्रणाली बन चुका है, जो शासन और आम नागरिक के बीच की दूरी को लगातार कम कर रहा है.

अंतरिक्ष से लेकर वैश्विक मंच तक भारत की मौजूदगी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत ने चंद्रमा के उन हिस्सों तक पहुंच बनाकर इतिहास रचा है, जहां पहले कोई देश नहीं पहुंच पाया था. यह उपलब्धि भारत की वैज्ञानिक क्षमता और शोध के क्षेत्र में बढ़ते आत्मविश्वास को दर्शाती है.

इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत ने हाल ही में दुनिया के सबसे बड़े और सफल एआई सम्मेलन की मेजबानी की है. इससे पहले देश ने जी-20 शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन भी किया था. ये सभी उपलब्धियां अब अपवाद नहीं, बल्कि नए भारत की पहचान बनती जा रही हैं.

अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी असीमित आकांक्षाएं हैं. यही वजह है कि देश में प्रयास भी लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य नवाचार, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्यमिता और समावेशी विकास के मजबूत मेल से आकार ले रहा है, जो देश को तेजी से आगे बढ़ा रहा है.

ये भी पढ़ें: नीट यूजी पेपर लीक विवाद: NTA को भंग करने की मांग, यूडीएफ ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital