IPL Betting Gang: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद की भोपा थाना पुलिस ने मोरना क्षेत्र में स्थित एक मकान पर छापेमारी कर आईपीएल पर सट्टा लगवाने वाले गैंग के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, सातवीं और आठवीं पास इन सभी शातिर अभियुक्तों ने एक गैंग बना रखा था, जो पिछले 1 साल से 99-EXCH एप्प के जरिए आईपीएल पर सट्टा लगवाने का काम करता आ रहा था.
अभियुक्तों की पहचान
पुलिस टीम ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक लाख रुपये नगद बरामद किए हैं, जिसमें एक लैपटॉप, सात मोबाइल फोन और एक टैबलेट शामिल हैं. इस मामले में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम परवेज (मुख्य अभियुक्त), साजिद, गुलफाम, दीपक और जियाहुलक (जाहूलक) हैं. पुलिस के अनुसार, यह सभी अभियुक्त मुजफ्फरनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं और एक संगठित गिरोह की तरह काम करते हैं.
सोशल मीडिया से फैलाया जाल
इस गैंग के सदस्य सोशल मीडिया का सहारा लेकर इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप आदि के जरिए आईपीएल पर सट्टा लगाने वाले लोगों को अपने पास बुलाते थे. इनका यह जाल आसपास के क्षेत्र में इतना फैल चुका था कि ये लोग आईपीएल सट्टा किंग के नाम पर लोगों से पैसा ऐंठते थे.
ये भी पढ़ें- शुभमन गिल ने एक ही मैच में कर दिए ये 4 बड़े कमाल, पूरे किए 6 हजार टी20 रन; CSK के खिलाफ आई आंधी
करोड़ों का टर्नओवर और बैंक खाते
मामले की अधिक जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण संजय महाडिक ने बताया कि मुख्य अभियुक्त परवेज के पास 5 बैंक अकाउंट मिले हैं और वह 4 यूजर आईडी इस्तेमाल करता है, जिसमें हर यूजर आईडी पर करीब 125 क्लाइंट्स के हिसाब से कुल 600 से 700 क्लाइंट्स इनके साथ जुड़े हुए हैं.
यह गिरोह करीब एक से डेढ़ साल से काम कर रहा है और इनका डेली ट्रांजैक्शन करीब 4 लाख रुपये का होता है, जिसके चलते प्रति महीने इनका टर्नओवर करीब 1 करोड़ से सवा करोड़ रुपये तक पहुंच जाता था. इसके साथ ही अभियुक्तों के बैंक अकाउंट्स में भी करीब 1 लाख रुपये से ऊपर की राशि मिली है, जिसे सीज करने की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दिनांक 20 मई 2026 को थाना भोपा पुलिस को एक मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि कस्बा मोरना में कुछ लोग आईपीएल मैच के दौरान सट्टेबाजी कर रहे हैं. इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में, सीओ भोपा के नेतृत्व में एसओजी देहात और थाना भोपा की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देकर गिरोह को दबोचा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

