Bharat Express DD Free Dish

अमेरिका की खुफिया विभाग की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने दिया इस्तीफा, क्या है कारण?

Tulsi Gabbard Resignation: अमेरिका की खुफिया विभाग की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने अपने पति की दुर्लभ कैंसर बीमारी के चलते इस्तीफा दिया. राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि अब परिवार को प्राथमिकता देना जरूरी है.

Tulsi Gabbard Resignation: अमेरिका की नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गबार्ड ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया. वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैबिनेट का हिस्सा थीं और पिछले साल फरवरी में इस पद पर नियुक्त हुई थीं. गबार्ड ने अपने पत्र में लिखा कि वह 30 जून 2026 से प्रभावी तौर पर पद छोड़ देंगी.

निजी कारणों से लिया निर्णय

गबार्ड ने इस्तीफे की वजह अपने पति की तबीयत बताई. उनके पति अब्राहम को हड्डी के एक बेहद दुर्लभ प्रकार के कैंसर का पता चला है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पति को बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा और ऐसे में सार्वजनिक सेवा से हटकर उनके साथ रहना बेहद जरूरी है.

पति को बताया मजबूत सहारा

गबार्ड ने कहा कि अब्राहम उनके जीवन का मजबूत स्तंभ रहे हैं. शादी के 11 सालों में उन्होंने हर मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया है. चाहे ईस्ट अफ्रीका में तैनाती रही हो या राजनीतिक अभियानों की व्यस्तता, उनके पति ने हमेशा उन्हें संबल दिया.

ट्रंप के प्रति आभार

अपने इस्तीफे में गबार्ड ने राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा कि पिछले डेढ़ साल से नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर के कार्यालय का नेतृत्व करने का अवसर देने और भरोसा जताने के लिए वह आभारी हैं.

ये भी पढ़ें-क्या सुलझ गई बरमूडा ट्रायंगल की मिस्ट्री? जानिए इतिहास के बड़े हादसे और अमेरिकी वैज्ञानिकों की नई खोज का पूरा सच

कार्यकाल की उपलब्धियां

गबार्ड ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने पारदर्शिता बढ़ाने और ईमानदारी को बहाल करने की कोशिश की. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अभी भी कई महत्वपूर्ण काम बाकी हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read