Bakrid Goat Pig Controversy: बकरीद का त्योहार करीब आते ही महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में एक ऐसा सांप्रदायिक बवाल खड़ा हो गया है, जिसने पूरे पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है. पूनम क्लस्टर क्षेत्र में स्थित ‘सृष्टि कॉम्प्लेक्स’ (Srishti Complex) अचानक एक अखाड़े में तब्दील हो गया. विवाद आवासीय परिसर के भीतर कुर्बानी के बकरों को लाने और शेड बनाने से शुरू हुआ था, लेकिन हद तो तब पार हो गई जब इसके विरोध में कुछ हिंदू संगठन सोसाइटी के अंदर एक सूअर (Pig) लेकर पहुंच गए. इस दौरान एक पुलिसकर्मी का सूअर को गोदी में लेकर भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है.
कैसे भड़की चिंगारी? (Mira Road Bakrid controversy)
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सृष्टि कॉम्प्लेक्स में विवाद की शुरुआत रविवार को तब हुई, जब एक गुट ने बकरीद के लिए सोसाइटी के अंदर एक अस्थायी शेड बनाकर कुर्बानी के बकरों को बांधना शुरू कर दिया.
स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया. हालांकि, विरोध के बाद शेड तो हटा दिया गया, लेकिन सोमवार को मुस्लिम समुदाय के लोग इकट्ठा हो गए और थाने में शिकायत दर्ज करा दी. जब कथित तौर पर बकरों को वापस सोसाइटी में लाया गया, तो तनाव अपने चरम पर पहुंच गया.
‘सूअर’ की एंट्री और पुलिस का वायरल वीडियो (Bakrid Video Viral)
मंगलवार को बवाल ने तब एक नाटकीय और भयंकर मोड़ ले लिया, जब सोसाइटी के निवासी और हिंदू संगठन गेट पर जमा होकर हनुमान चालीसा पढ़ने लगे. प्रदर्शनकारियों ने ‘वराह पूजा’ का हवाला देते हुए परिसर के भीतर एक सूअर का बच्चा (Piglet) घुसाने की कोशिश की.
दुनिया कहां से कहां जा रही है, और हमारी पुलिस को सूअर लेकर भागना पड़ रहा है।
मिरा रोड के ‘पूनम क्लस्टर’ नामक रिहायसी सोसायटी में बकरीद के मौके पर कुर्बानी के लिए 50 बकरियां सोसायटी में लाई गई, सोसाइटी में रहनेवाले अन्य धर्म के लोगों ने इसका विरोध किया लेकिन कोई खास परिणाम नहीं।… pic.twitter.com/Ej9gwkIL4f
— Aarya Tiwari (@aaryatiwarii) May 27, 2026
माहौल बिगड़ता देख वहां मौजूद पुलिस के पसीने छूट गए. एक पुलिसकर्मी तुरंत उस सूअर के बच्चे को अपने हाथ में उठा लेता है और प्रदर्शनकारियों की भीड़ से उसे बचाकर बेतहाशा दौड़ लगा देता है. कुछ लोग पुलिसकर्मी से सुअर छीनने की कोशिश करते भी दिखे. यह वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है.
51 बकरों को निकाला गया बाहर
रात होते-होते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि इसी दौरान वीएचपी के एक पदाधिकारी और दो अन्य लोगों पर धारदार हथियार (ब्लेड) से हमला कर दिया गया.
स्थिति को बेकाबू होता देख मीरा-भायंदर-वसई-विरार (MBVV) के करीब 200 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात कर पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया. इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के 4 वाहनों की मदद से आधी रात को सोसाइटी से 51 बकरों को बाहर निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया.
सियासी उबाल और BJP का कड़ा रुख (Bakrid housing society)
इस पूरे ड्रामे के बाद इलाके में सियासी पारा भी हाई है. BJP नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग मीरा रोड के नया नगर इलाके को ‘पाकिस्तानी मानसिकता का गढ़’ बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा, “धार्मिक त्योहारों का इस्तेमाल हिंदुओं को भगाने के लिए बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खुलेआम किसी भी सोसाइटी में बकरों की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी.” वहीं, शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक ने शांति की अपील करते हुए बवाल के लिए बाहरी लोगों को जिम्मेदार ठहराया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

