Bharat Express DD Free Dish

डिग्री हो जरूरी नहीं, अपने हुनर से पाई नौकरी: अदाणी फाउंडेशन की मदद से मिर्जापुर के युवाओं का हुआ सिलेक्‍शन

MIRZAPUR NEWS: उत्‍तर प्रदेश के मिर्जापुर में अदाणी फाउंडेशन के स्किल सेंटर से मुफ्त ट्रेनिंग पाकर 9 युवाओं का नोएडा की मल्टीनेशनल कंपनी में चयन हुआ, ऑफर लेटर भी मिल गया.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

आज के इस दौर में सिर्फ पढ़ाई की डिग्री होना ही काफी नहीं है, बल्कि सही हुनर (स्किल) का होना भी बहुत जरूरी है. इसी सोच के साथ मिर्जापुर में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक बड़ा प्रयास किया जा रहा है. यहां अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से ‘अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ (अदाणी सक्षम) चलाया जा रहा है. इस सेंटर में स्थानीय युवाओं को पूरी तरह से मुफ्त में ‘डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर’ कोर्स की ट्रेनिंग दी जा रही है. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद युवाओं को नौकरी के अच्छे अवसर भी मिल रहे हैं.

इसी कड़ी में आज इस सेंटर के 9 प्रशिक्षुओं (छात्र-छात्राओं) को एक बड़ी कंपनी में नौकरी मिल गई है. इन सभी युवाओं का चयन नोएडा (उत्तर प्रदेश) की जानी-मानी मल्टीनेशनल कंपनी ‘Cyfuture’ में हुआ है. यह कंपनी उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जैसे बड़े सरकारी विभागों के साथ मिलकर काम करती है. सेंटर के इन युवाओं को कंपनी में ‘कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव’ के पद पर चुना गया है. यहां उन्हें हर दिन 8 घंटे काम करना होगा. उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें 15,000 रुपये से लेकर 19,368 रुपये तक का महीना का वेतन दिया जाएगा.

इस खुशी के मौके पर अदाणी स्किल डेवलपमेंट सेंटर पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के दौरान सभी सफल युवाओं को नौकरी का ‘ऑफर लेटर’ सौंपा गया और उनके आने वाले अच्छे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम में बच्चों की इस सफलता को देखने के लिए उनके माता-पिता भी शामिल हुए. इनमें ग्राम रामपुर-33 से राकेश कुमार, ग्राम राजापुर से जीतलाल, ग्राम पचोखरा से अभय गुप्ता और ग्राम नौडीहा लालपुर से आकाश जी उपस्थित रहे.

अपने बच्चों के हाथ में नौकरी का पत्र देखकर माता-पिता बेहद खुश नजर आए. अभिभावकों ने अदाणी फाउंडेशन और सेंटर के इस काम की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से हमारे ग्रामीण इलाके के युवाओं को आगे बढ़ने और नया हुनर सीखने का बहुत अच्छा मौका मिल रहा है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read