Bharat Express DD Free Dish

एक मंच, 23 दल, दिल अलग-अलग: सोमवार को INDIA गठबंधन की अग्निपरीक्षा, DMK-AAP ने क्यों बनाईं दूरियां?

India alliance meeting: विधानसभा चुनावों के बाद विपक्षी दलों का गठबंधन INDIA सोमवार को दिल्ली में पहली बार बैठक करेगा. 23 पार्टियां इसमें शामिल होंगी.

India alliance meeting: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद विपक्षी दलों का गठबंधन ‘INDIA’ सोमवार को पहली बार बैठक करने जा रहा है. दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली इस मीटिंग में 23 राजनीतिक पार्टियां शामिल होंगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.

कांग्रेस का दावा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि 23 पार्टियों ने अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर दी है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन अपनी विविधता के बावजूद एकजुट है और यही इसकी ताकत है. यह बैठक सोमवार को दोपहर 12 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी.

ममता बनर्जी की मौजूदगी

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं. वे इस बैठक में हिस्सा लेंगे. टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि बैठक साफ मकसद और एकजुटता के साथ हो रही है.

DMK और AAP की दूरी

तमिलनाडु चुनाव में हार और कांग्रेस के समर्थन से बनी टीवीके सरकार के बाद डीएमके ने इंडिया गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है. आम आदमी पार्टी (AAP) की भी बैठक में मौजूदगी की संभावना कम है.

कांग्रेस-CPM विवाद

बैठक में कांग्रेस और सीपीएम के बीच टकराव सतह पर आ सकता है. केरल चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सीपीएम पर BJP से मिलीभगत का आरोप लगाया था. इस पर सीपीएम महासचिव एमए बेबी ने खरगे को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है. सीपीएम ने आपत्ति जताने के बावजूद बैठक में हिस्सा लेने का फैसला किया है और राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास इसमें शामिल होंगे.

माकपा की नाराजगी

सीपीएम नेता हन्नान मोल्लाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह गठबंधन में सबको साथ लेकर नहीं चल रही है. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी को सबको जोड़ने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए लेकिन कांग्रेस नेता परिपक्वता नहीं दिखा रहे हैं. उन्होंने राहुल गांधी पर भी डीएमके और सीपीएम को निशाना बनाने का आरोप लगाया.

बैठक का एजेंडा

औपचारिक एजेंडा अभी घोषित नहीं हुआ है लेकिन कांग्रेस का कहना है कि विपक्षी दल कुछ मुद्दों पर एकजुट हैं. जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर वोट का अधिकार छीनने, संविधान पर हमला करने, जांच एजेंसियों से विपक्ष को निशाना बनाने, महंगाई बढ़ाने और विदेश नीति से राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.

ये भी पढ़ें-कोसी-सीमांचल की जीवनरेखा पर फिर दौड़ी जिंदगी! विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज शुरू, जानें ट्रैफिक की नई व्यवस्था

BJP का पलटवार

BJP ने विपक्षी एकता पर सवाल उठाए हैं. प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गठबंधन के पास न मिशन है, न विजन, सिर्फ कन्फ्यूजन है. बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी विपक्षी दलों के बीच अंदरूनी लड़ाई और भ्रम का आरोप लगाया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read