IND VS PAK Womens T20 World Cup
IND VS PAK Womens T20 World Cup: ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को चारों खाने चित कर जीत से अपने टूर्नामेंट का आगाज किया. भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेला गया. एजबेस्टन मैदान पर हुए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराया. ‘विमेंस इन ब्लू’ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 171 रन का टारगेट दिया था, पर पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रनों पर ऑल आउट हो गई.
हाल ही में वन डे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अभी तक एक भी टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है. साल 2020 में इस टीम ने अपना सबसे बेस्ट परफॉर्मेंस दिया था. उस साल भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी. अब एक बार फिर विमेंस टीम वर्ल्ड कप पर नजरें गड़ाई हैं.
भारतीय टीम की बैटिंग शुरुआत में ही गड़बड़ा गई थी. पावरप्ले में ही भारत के दो विकेट गिरने से टीम पर जबरदस्त दबाव आ गया था. शेफाली वर्मा को पाक स्पिनर सादिया इकबाल ने पहले ही ओवर में आउट कर दिया था. वहीं जेमिमा रोड्रिग्स को सीमर तस्मिया ने पवेलियन भेज कर भारतीय टीम को दबाव में डाल दिया.
हरमनप्रीत और स्मृति की अटूट साझेदारी
यहां से फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना ने तीसरे विकेट के लिए जबरदस्त साझेदारी की. दोनों ने 91 रनों की पार्टनरशिप की.
स्मृति मंधाना ने 44 बॉल पर 68 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 9 चौके शामिल थे. वहीं हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाये. स्मृति मंधाना का विकेट रमीन शमीम ने लिया. वहीं भारती फुलमाली सिर्फ 1 रन बनाकर सादिया इकबाल की गेंद पर आउट हो गईं. कप्तान हरमनप्रीत कौर को फातिमा सना ने आउट किया.
ऋचा घोष ने खेली जबरदस्त पारी
अंत में ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में जबरदस्त बैटिंग की. उनकी बैटिंग की बदौलत भारतीय टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच पाई. घोष ने 17 गेंदों पर 34 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया.
ये भी पढ़ें- IND VS PAK Womens T20 World Cup: टॉस जीतकर हरमनप्रीत कौर का बल्लेबाजी का फैसला, मंधाना और शेफाली पर टिकी नजरें
रनचेज के लिए उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी बेहद खराब रही. उस तरफ से सिर्फ ओपनर मुनीबा अली ही बड़ी पारी खेल पाईं. उन्होंने 41 रन 35 गेंदों पर बनाये. इसके बाद सिर्फ तीन ही खिलाड़ी दहाई अंक तक पहुंच सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
