Bharat Express DD Free Dish

रील्स पर रईसी दिखाना पड़ा भारी! सोशल मीडिया पर ठाट-बाट देख कर व्यापारी के बेटे का हुआ अपहरण

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम रील्स पर महंगे मोबाइल और आलीशान लाइफस्टाइल दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया. बदमाशों ने रील देखकर उसका अपहरण कर लिया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी.

Panna, Madhya Pradesh, Crime

Ajab Gajab News: आजकल सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और अपनी आलीशान जिंदगी का दिखावा करने का चस्का हर दूसरे युवा को है. लेकिन कभी-कभी यही रील जिंदगी के लिए असली आफत बन जाती है. ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम रील्स पर अपनी रईसी दिखाना एक युवक को बहुत भारी पड़ गया. युवक के महंगे शौक और ठाट-बाट वाली रील्स देखकर बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया और परिवार से मोटी फिरौती मांग ली. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से युवक सही-सलामत घर लौट आया है.

रील्स देखकर बनाया किडनैपिंग का प्लान

यह पूरा मामला पन्ना जिले के पवई इलाके का है. यहां रहने वाले एक कपड़ा व्यापारी का 19 वर्षीय बेटा अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे अक्सर सोशल मीडिया पर महंगे स्मार्टफोन और लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाते हुए रील्स पोस्ट करता था. कान्हा की इन्हीं रील्स पर इलाके के कुछ शातिर बदमाशों की नजर पड़ गई. उन्हें लगा कि लड़का बहुत अमीर घर का है और इसे किडनैप करके मोटी रकम वसूली जा सकती है.

बदमाशों ने प्लान के मुताबिक बीते 27 जून को कान्हा का अपहरण कर लिया. इसके बाद उन्होंने परिजनों को फोन घुमाया और कान्हा को छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांग ली. डर के मारे घरवालों ने तुरंत बदमाशों के बताए बैंक खाते में 1.48 लाख रुपये ट्रांसफर भी कर दिए लेकिन साथ ही सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस को भी इसकी भनक दे दी.

पुलिस का एक्शन

मामला हाईप्रोफाइल होते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई. पुलिस ने सबसे पहले उस बैंक खाते को फ्रीज (सीज) कराया, जिसमें फिरौती की रकम ट्रांसफर की गई थी. इसके बाद घेराबंदी करके बदमाशों के चंगुल से कान्हा को सुरक्षित छुड़ा लिया गया.

इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों राजकमल रजक, राजकुमार पाल और शिवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनके पास से एक पिस्तौल, दो कट्टे और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने और जनता में विश्वास जगाने के लिए तीनों बदमाशों का पवई नगर के मुख्य बाजारों और रास्तों पर पैदल जुलूस (परेड) निकाला. इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें- दादरी बस स्टैंड पर नाइट सिक्योरिटी फेल; लॉक्ड सरकारी बस को सरेआम ले उड़े चोर, महकमे में मचा हड़कंप

पहले भी हो चुके हैं नुकसान

दिखावे के चक्कर में अपराध का शिकार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है. हाल ही में मध्य प्रदेश के ही शिवपुरी जिले से एक वाकया सामने आया था, जहां रचना गुर्जर नाम की महिला को रील्स पर अपने महंगे सोने-चांदी के गहने दिखाना भारी पड़ गया था. चोरों ने रील देखकर उनके घर की रेकी की और पिछले महीने लाखों रुपये के जेवर चोरी करके फरार हो गए थे. यह घटनाएं साफ चेतावनी हैं कि सोशल मीडिया पर अपनी निजी जिंदगी और अमीरी का ज्यादा प्रदर्शन करना आपको अपराधियों के निशाने पर ला सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read