MP News: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले की बजाग पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी करके एक बड़ी खेप पकड़ी है, जिसमें करीब 80 किलो गांजा बरामद हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है. पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा.
गश्त के दौरान बिना नंबर की बाइक ने खोला राज
यह पूरी कार्रवाई बजाग पुलिस की रूटीन गश्त के दौरान हुई. पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर थी, तभी उन्हें एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी. पुलिस ने जब शक होने पर उसे रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार ने रुकने के बजाय एक्सीलेटर दबा दिया और भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाई और बिना वक्त गंवाए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.
जब पुलिस ने मोटरसाइकिल पर लदी दो बोरियों को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए. उन बोरियों में भारी मात्रा में यानी लगभग 80 किलो गांजा ठसाठस भरा हुआ था. पुलिस ने फौरन मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल हो रही बिना नंबर की बाइक को अपने कब्जे में ले लिया.
ये भी पढ़ें- नवादा में घर से खेलने निकले 6 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, दोनों आंखें भी फोड़ीं; अस्पताल में भारी हंगामा
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय अर्जुन कुशवाहा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के सेक्टर-63 में रह रहा था. जब पुलिस ने अर्जुन से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया.
आरोपी ने बताया कि यह गांजा छत्तीसगढ़ के कोंडागांव से लाया जा रहा था और इसे सप्लाई करने के लिए उत्तर प्रदेश के नोएडा ले जाया जा रहा था. उसने यह भी कबूला कि गिरफ्तारी से ठीक पहले सत्यम नाम का एक दूसरा शख्स दूसरी बाइक पर आगे-आगे पायलटिंग कर रहा था. लेकिन पुलिस को देखते ही सत्यम अपनी बाइक लेकर रफूचक्कर हो गया. फिलहाल पुलिस ने अर्जुन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी सत्यम की तलाश के साथ-साथ इस पूरे अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

