Bharat Express DD Free Dish

नवादा में घर से खेलने निकले 6 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, दोनों आंखें भी फोड़ीं; अस्पताल में भारी हंगामा

बिहार के नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बौरी गांव में 6 साल के मासूम आर्यन राज की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसकी दोनों आंखें फोड़ दी गईं. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा कर हत्यारों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है.

Nawada, Bihar, Crime

Bihar News: बिहार के नवादा जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां महज छह साल के एक मासूम बच्चे के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं. घर से खेलने निकले इस बच्चे की लाश कुछ ही घंटों बाद एक तालाब के किनारे बरामद हुई. दरिंदगी का आलम यह था कि बच्चे की जान लेने के बाद उसकी दोनों आंखें तक फोड़ दी गईं. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे गांव में पसरा मातम अब भारी आक्रोश में बदल चुका है.

खेलने गया था आर्यन

यह दिल दहला देने वाला मामला नवादा के काशीचक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बौरी गांव का है. मृतक मासूम की पहचान कारू चौधरी के 6 वर्षीय बेटे आर्यन राज के रूप में हुई है. घरवालों ने रोते हुए बताया कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे आर्यन यह कहकर घर से निकला था कि वह पास में ही खेलने जा रहा है. जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की. दोपहर से शाम हो गई, लेकिन आर्यन का कुछ पता नहीं चला. आखिर में देर शाम गांव के पास ही खोदे जा रहे एक तालाब के किनारे आर्यन का लहूलुहान शव झाड़ियों में पड़ा मिला.

शव की हालत देखकर कांप उठी रूह

आर्यन का शव जिस हालत में था, उसे देखकर ग्रामीणों और घरवालों का कलेजा मुंह को आ गया. मासूम के पूरे शरीर पर चोट के गहरे निशान थे और बेरहमी से उसकी दोनों आंखें फोड़ दी गई थीं. ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को लेकर बौरी अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया.

मासूम की इस क्रूर हत्या की खबर जैसे ही गांव में फैली, अस्पताल परिसर छावनी में तब्दील हो गया. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए. लोगों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और साफ कह दिया कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे.

ये भी पढ़ें- रेवाड़ी में दोहराया गया पुणे का सनसनीखेज ‘सिया मर्डर केस’, खौफनाक साजिश का खुलासा होने पर पुलिस के भी उड़े होशै

जांच में जुटी पुलिस

हंगामे और तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है. पुलिस के आला अधिकारियों ने नाराज ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की और भरोसा दिलाया कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि आखिर इतने छोटे बच्चे से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है. पूरे गांव में इस समय भारी तनाव और दहशत का माहौल है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read