EX-boyfriend Kills Law Student: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां कोडिहल्ली इलाके में एक लॉ स्टूडेंट की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई. उस छात्रा को बेरहमी से मारने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका पूर्व प्रेमी है. हत्यारे प्रेमी को पुलिस ने उसके भाई समेत गिरफ्तार किया है.
प्यार, धोखा और फिर बेरहमी से कत्ल
कानून की पढ़ाई करने वाली मृतक छात्रा की पहचान 22 वर्षीय अमृता के रूप में हुई है. वह पढ़ाई के साथ-साथ अपनी आजीविका चलाने के लिए एक डायग्नोस्टिक सेंटर में नौकरी करती थी. इससे पहले उसने एक पिज्जा आउटलेट में भी काम किया था. पुलिस के अनुसार, अमृता को धनुष नाम के युवक ने प्रेमजाल में फांसा. धनुष भी उसी इलाके में रहता था. पता चला है कि वे दोनों पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे. दोनों के परिवारों के बीच एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जान-पहचान हुई थी.
सच्चाई सामने आते ही टूट गया रिश्ता
कुछ समय पहले अमृता को धनुष के बारे में एक कड़वा सच पता चला. उसे पता चला कि धनुष पहले से ही शादीशुदा था, उसका तलाक हो चुका था और उसका एक बच्चा भी था. धनुष ने यह अहम बात अमृता से छिपाकर रखी थी. धोखा मिलने के बाद अमृता ने तुरंत धनुष से अपना रिश्ता खत्म कर लिया. हालांकि, धनुष को यह दूरी बर्दाश्त नहीं हुई और वह लगातार अमृता का पीछा करने लगा. उसने अमृता पर दोबारा रिश्ते में आने का दबाव बनाया और इनकार करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी.
घर के पास सरेआम किए चाकू से वार
धनुष ने 13 जुलाई को शाम 4 से 4:30 बजे के बीच जीवन बीमा नगर थाना इलाके में अमृता को उसी के घर के ठीक पास पकड़ा. उसने अमृता को ताबड़तोड़ चाकू मारे. वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ी. इस वारदात के बाद धनुष और सूर्या ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने सूर्या को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. उधर, घायल अमृता को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने दो दिनों तक उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन 15 जुलाई की शाम को उसकी मौत हो गई.
सूर्या और धनुष दोनों जेल में ठूंसे गए
पुलिस उपायुक्त (ईस्ट) विक्रम अमाथे ने बताया कि सूर्या और धनुष के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है. जीवन बीमा नगर पुलिस आरोपी धनुष की शादी और तलाक से जुड़ी जानकारियों की भी कानूनी रूप से पुष्टि कर रही है. जल्द चार्जशीट पेश की जाएगी.
यह भी पढ़िए: नोएडा में शादी से इनकार पर सनकी प्रेमी बना हैवान, गर्लफ्रेंड के परिवार पर बरसाए चाकू, मां की मौत और 3 लोग घायल
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

