Bihar News: नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में दिखने लगा है. मसान, हरका, गंडक कपन और भलुई जैसी नदियां उफान पर हैं. रामनगर प्रखंड का दोन क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में है क्योंकि बारिश शुरू होते ही यह इलाका मुख्यधारा से कटने लगा है.
वायरल वीडियो ने किया भावुक
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक पिता अपने बेटे को कंधे पर बैठाकर तेज बहाव वाली नदी पार कराता दिख रहा है. यह दृश्य लोगों को अंदर तक झकझोर रहा है. बच्चा स्कूल समय पर पहुंच सके, इसके लिए पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना जोखिम उठाया.
प्रशासन की चेतावनी
सूत्रों के मुताबिक नेपाल में बारिश के बाद सोमवार को वाल्मीकिनगर गंडक बराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया. इसके चलते गंडक और अन्य पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की अपील की है.
दोन क्षेत्र की पुरानी समस्या
दोन इलाके के लोगों के लिए यह परेशानी नई नहीं है. बारिश आते ही यहां के लगभग 22 गांव चारों तरफ से पानी से घिर जाते हैं. पुलों की कमी के कारण बच्चों को स्कूल ले जाना, मरीजों को अस्पताल पहुंचाना और रोजमर्रा का सामान लाना बेहद कठिन हो जाता है.
ये भी पढ़ें-गांव में रहना अब महंगा! होर्डिंग से लेकर सिनेमा हॉल तक, सरकार ने किस-किस पर लगाया टैक्स?
अधूरे विकास की तस्वीर
वायरल वीडियो केवल मजबूरी नहीं दिखाता, बल्कि यह अधूरे विकास कार्यों की हकीकत भी उजागर करता है. हजारों लोग आज भी जोखिम उठाकर नदी पार करने को मजबूर हैं. सवाल यही है कि आखिर कब तक दोन के लोग अपनी जान खतरे में डालकर इस तरह जीवन जीते रहेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



