Bharat Express DD Free Dish

NEET UG Result 2026: नीट यूजी का रिजल्ट जारी, 11 लाख से ज्यादा छात्र सफल, जानें किसने किया टॉप

NEET UG RESULT 2026: नीट यूजी 2026 री-टेस्ट के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. इस परीक्षा में 11.21 लाख छात्र सफल हुए हैं, जबकि पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पंशुल ने टॉप किया है.

NEET UG 2026 Re-Exam Results
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक देश के लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET-UG) 2026 के री-टेस्ट के नतीजे घोषित कर दिए हैं. इस बार परीक्षा में कुल 11.21 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है. ये सफल छात्र अब देश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे.

20 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा

नीट यूजी री-टेस्ट की परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को किया गया था. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में कुल 5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इस कठिन परीक्षा में देश-विदेश से करीब 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे. बड़ी संख्या में छात्रों की भागीदारी के कारण इस बार प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी थी.

आर्यन और पंशुल ने किया टॉप

इस साल नीट यूजी परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है. दोनों ही होनहार छात्रों ने परीक्षा में 720 में से 715 अंक प्राप्त किए हैं. इस बार 138 उम्मीदवारों ने 720 में से 690 से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

अंकों के आधार पर सफल उम्मीदवार:

700 से अधिक अंक: 19 सफल उम्मीदवार.

690 से अधिक अंक: 138 सफल उम्मीदवार.

650 और उससे अधिक अंक: 1,492 सफल उम्मीदवार.

600 और उससे अधिक अंक: 10,160 सफल उम्मीदवार.

500 और उससे अधिक अंक: 90,780 सफल उम्मीदवार.

एक खास बात यह रही कि 690 या उससे अधिक अंक पाने वाले 138 उम्मीदवारों में से 93 प्रतिशत छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने पहली बार में ही नीट परीक्षा पास की है. इनमें से 99 प्रतिशत उम्मीदवारों की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है.

NEET UG, NTA, Education

लड़कियों ने फिर मारी बाजी

हर बार की तरह इस साल भी नीट परीक्षा में बेटियों का दबदबा देखने को मिला है. कुल सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक संख्या महिला उम्मीदवारों की है. आंकड़ों के मुताबिक, परीक्षा में शामिल हुई कुल महिला अभ्यर्थियों में से 56.8 प्रतिशत सफल रहीं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों का सफलता प्रतिशत 55.1 प्रतिशत दर्ज किया गया.

श्रेणीवार : उम्मीदवारों का आंकड़ा

एनटीए ने कैटेगरी के अनुसार भी सफल उम्मीदवारों की सूची जारी की है:

सामान्य वर्ग (General): 2.91 लाख सफल उम्मीदवार.

ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL): 5.12 लाख सफल उम्मीदवार.

अनुसूचित जाति (SC): 1.59 लाख सफल उम्मीदवार.

अनुसूचित जनजाति (ST): 63,716 सफल उम्मीदवार.

सामान्य-ईडब्ल्यूएस (Gen-EWS): 95,026 सफल उम्मीदवार.

दिव्यांग वर्ग (PwBD): 3,666 सफल उम्मीदवार.

दिव्यांग वर्ग (PwD): 303 सफल उम्मीदवार.

उत्तर प्रदेश के सबसे ज्यादा छात्र हुए सफल

इस बार की परीक्षा में उत्तर प्रदेश के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है. देश के सभी राज्यों में से यूपी से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा छात्र सफल घोषित किए गए हैं. वहीं, केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप से सबसे कम यानी केवल 43 उम्मीदवारों ने इस परीक्षा को पास किया है.

कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के टॉपरों के नाम भी घोषित किए गए हैं. लद्दाख से जिग्मेट यांगचन लामो ने 530 अंक पाकर टॉप किया है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से ध्रुव त्रिपाठी ने 606 अंक हासिल किए हैं. वहीं, लक्षद्वीप से फहमीदा अनीस ने 573 अंक हासिल कर अपने क्षेत्र का मान बढ़ाया है.

यह भी पढ़िए: सुप्रीम कोर्ट ने नीट यूजी में अनियमितताओं पर दायर सभी याचिकाएं निपटाईं, केंद्र के सुधार प्रस्तावों को दी मंजूरी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read