Bharat Express DD Free Dish

‘वंदे मातरम’ का अपमान अब पड़ेगा भारी, संसद के मानसून सत्र में मोदी सरकार लाने जा रही नया विधेयक

संसद के मानसून सत्र में गृह मंत्री अमित शाह ‘वंदे मातरम’ के अपमान को रोकने के लिए एक नया संशोधन विधेयक पेश करने जा रहे हैं. इसके तहत राष्ट्रीय गीत का अपमान करने पर जेल का प्रावधान होगा.

Vande Mataram Bill 3 Years Jail For Insulting National Song
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Vande Mataram Bill: देश में राष्ट्रगान और तिरंगे के अपमान को लेकर तो सख्त कानून पहले से हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने वालों की भी खैर नहीं होगी. केंद्र सरकार संसद के आगामी मानसून सत्र में एक बेहद कड़ा कानून लाने जा रही है. इस नए विधेयक के पारित होने के बाद, वंदे मातरम के गाने या बजने के दौरान बाधा डालना या उसका किसी भी तरह से अपमान करना एक गंभीर आपराधिक जुर्म माना जाएगा.

दोषी को 3 साल तक की जेल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सत्र में ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश कर सकते हैं. सूत्रों की मानें तो इसे सबसे पहले राज्यसभा में पेश किया जा सकता है. नए नियमों के तहत, अगर कोई व्यक्ति वंदे मातरम का अपमान करने का दोषी पाया जाता है, तो उसे 3 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है. यह ठीक वैसी ही सजा होगी, जैसी राष्ट्रगान का अपमान करने पर मिलती है.

गाइडलाइंस को मिलेगी कानूनी शक्ल

दरअसल, सरकार ने पहले ही राज्यों को गाइडलाइंस जारी कर सरकारी कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य रूप से गाने और बजाने के निर्देश दिए थे. अब सरकार इसे पूरी तरह कानूनी शक्ल देने जा रही है. 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलने वाले इस मानसून सत्र में ‘वंदे मातरम’ बिल के अलावा इनकम टैक्स संशोधन और सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ाने जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश किए जाएंगे.

सरकारी रणनीतिकारों का मानना है कि संसद के दोनों सदनों में इस बिल को पास कराने के लिए सरकार के पास पर्याप्त आंकड़े मौजूद हैं, इसलिए इसे पारित कराने में कोई दिक्कत नहीं आएगी. कानून बनते ही वंदे मातरम को भी राष्ट्रध्वज और संविधान की तरह ही बराबर का कानूनी संरक्षण मिल जाएगा.

ये भी पढ़ें: सीएम रेखा गुप्ता ने बारिश से प्रभावित किसानों के लिए 33.31 करोड़ रुपए की राहत राशि को मंजूरी दी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest