Bharat Express DD Free Dish

मेरठ में सांप बना हत्या का हथियार! एक्सीडेंट में बचा पति तो नाग से डसाया, पत्नी ने बताया क्यों किया?

Meerut Snake Bite Murder: मेरठ के हस्तिनापुर में सांप के काटने से हुई स्कूल संचालक अतुल पंवार की मौत असल में एक खौफनाक हत्या निकली. पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर नींद में सो रहे पति पर सांप छोड़ दिया. पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा.

Meerut Snake Bite Murder

Meerut Snake Bite Murder: हरीश शर्मा/मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसकी स्क्रिप्ट किसी बॉलीवुड क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है. हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मखमेली मैदान के पास रहने वाले नामचीन स्कूल संचालक अतुल पंवार की सांप के डसने से मौत की खबर असल में एक खौफनाक और सुनियोजित हत्या निकली. मेरठ पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाते हुए मृतक की पत्नी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

नींद की गोलियां खिलाईं, फिर बिस्तर छोड़ दिया सांप (Meerut Snake Murder)

बुधवार (17 जुलाई) को जब अतुल की मौत हुई, तो शुरुआती तौर पर इसे एक सामान्य हादसा (Snake Bite) माना जा रहा था. लेकिन पुलिस को घटनास्थल पर पत्नी दामिनी के हाव-भाव और व्यवहार पर गहरा शक हुआ. सख्ती से पूछताछ हुई तो रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई सामने आई.

पुलिस के मुताबिक, दामिनी ने अपने स्कूल के ड्राइवर और प्रेमी तुषार उर्फ निक्की के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश रची थी. प्लान के तहत दो सपेरों (सूरज कुमार और उदय) को भी शामिल किया गया. रात में दामिनी ने पहले पति अतुल को नींद की गोलियों का ओवरडोज दिया और खुद अलग बेड पर सो गई. इसके बाद प्रेमी और सपेरों ने मिलकर सो रहे अतुल पर सांप छोड़ दिया, जिसके डसने से उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

हत्या की असली वजह क्या थी? (Why Meerut Wife Kills Husband)

इस खौफनाक कत्ल के पीछे दो बड़ी वजहें थीं. पहला, दामिनी और ड्राइवर तुषार का अवैध प्रेम प्रसंग, और दूसरा, अतुल के नाम पर मौजूद 20 लाख रुपये का जीवन बीमा. आरोपियों ने सोचा था कि सांप के काटने से मौत होने पर यह एक हादसा लगेगा और बीमा की मोटी रकम आसानी से दामिनी को मिल जाएगी.

ये भी पढ़ें: कीड़े मारो पैसे कमाओ: सरकार लेगी 2 रुपए में एक सिर, कितना खतरनाक है डिंडौरी में अटैक करने वाला साल बोरर?

पहले एक्सीडेंट से मारने की हुई थी कोशिश (Meerut Hastinapur Insurance Murder)

मेरठ के SSP अविनाश पांडेय ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि यह हत्या का पहला प्रयास नहीं था. घटना से करीब 20 दिन पहले भी आरोपियों ने अतुल को कार से जोरदार टक्कर मारकर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी, लेकिन तब हेलमेट पहने होने के कारण उसकी जान बच गई थी. फिलहाल, हस्तिनापुर पुलिस ने कातिल पत्नी दामिनी, उसके प्रेमी तुषार और दोनों सपेरों को सलाखों के पीछे डाल दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read