नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर डटी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच उत्तराखंड पुलिस (Uttarakhand Police) के सिपाही ने सेवा से इस्तीफा दे दिया है. इतना ही नहीं इस्तीफे के बाद सिपाही ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलनकारियों का हाथ थाम लिया है.
मंच पर सौंपा पुलिस का बैज
जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के दौरान CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद शेर सिंह को मंच पर बुलाकर उनके इस्तीफे की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज से दुखी होकर शेर सिंह ने यह कदम उठाया.
मंच से जनता को संबोधित करते हुए पूर्व पुलिसकर्मी शेर सिंह ने कहा, ‘अब नेताओं को सुरक्षा देने के बजाय मैं आम लोगों और छात्रों के हक के लिए खड़ा होना चाहता हूं. अगर न्याय की आवाज उठाना बगावत है, तो मैं बागी कहलाने को तैयार हूं.’ इसके बाद उन्होंने अपने कंधे से उत्तराखंड पुलिस का बैज निकालकर अभिजीत दीपके को सौंप दिया.
20 जून से जारी है CJP का प्रदर्शन
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी बीते 20 जून से जंतर-मंतर पर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है. पार्टी की मुख्य मांग नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, परीक्षा प्रणाली में सुधार और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाना है.
फिलहाल, CJP ने ‘हर जिला, एक दिन, एक मांग’ नारे के साथ देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का दौर शुरू किया है. ऐसे समय में एक पुलिसकर्मी का नौकरी छोड़कर आंदोलन से जुड़ना चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: SAF के दो आरक्षक गिरफ्तार, बर्थडे पार्टी के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

