बेंगलुरु लॉ स्टूडेंट की बेरहम हत्या
Bengaluru Murder Video: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कानून की पढ़ाई कर रही 21 साल की एक युवा छात्रा अमृता की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. यह खौफनाक वारदात 13 जुलाई को उस समय हुई जब अमृता अपने काम पर जा रही थीं. पुलिस के हाथ इस पूरी घटना का एक झकझोर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी लगा है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. इस क्रूर हमले के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान 15 जुलाई को अमृता ने दम तोड़ दिया.
क्या है पूरा विवाद?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि अमृता का धनुष नाम के युवक के साथ रिश्ता था. लेकिन जब अमृता को यह सच्चाई पता चली कि धनुष पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है, जिसे उसने छिपाकर रखा था तो उन्होंने तुरंत उससे दूरी बना ली और अपना रिश्ता खत्म कर लिया.
रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी पक्ष का गुस्सा शांत नहीं हुआ. जब धनुष का झूठ सबके सामने बेनकाब हो गया, तो उसके छोटे भाई सूर्या ने इस बात का बदला लेने की ठान ली. आरोप है कि सूर्या ने ही घात लगाकर पीछे से अमृता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए.
ये भी पढ़ें- बोरी खोली और सीधा ‘साहब’ की टेबल पर पटक दिया कुत्ता… नासिक से सामने आया ये हैरान करने वाला वायरल ड्रामा, देखें VIDEO
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए जीवन बीमा नगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी धनुष और उसके छोटे भाई सूर्या, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है. इसमें परिवार द्वारा लगाए गए उस आरोप की भी पड़ताल की जा रही है, जिसमें कहा गया है कि रिश्ता तोड़ने की वजह से ही उसे पूरा प्लान बनाने के बाद निशाना बनाया गया, साथ ही वित्तीय विवादों के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



