आरिफ आजकिया ने UN में पाकिस्तान को किया बेनकाब
Arif Aajakia on Pakistan: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) के मंच पर पाकिस्तान को लेकर उस समय माहौल गरमा गया, जब मानवाधिकार कार्यकर्ता और वरिष्ठ विश्लेषक आरिफ आजकिया पाकिस्तान में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा उठा रहे थे. आजकिया कराची के जमशेद टाउन के पूर्व मेयर भी रह चुके हैं. उनके भाषण के बीच पाकिस्तान मिशन ने आपत्ति जताते हुए हस्तक्षेप किया और भाषण रोकने की मांग की.
आजकिया के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रतिनिधि के हस्तक्षेप के बाद परिषद के चेयरमैन ने कुछ देर के लिए उनका भाषण रुकवा दिया और पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को अपनी बात रखने का मौका दिया. पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि वक्ता UNHRC जैसे प्रतिष्ठित मंच का इस्तेमाल पाकिस्तान को बदनाम करने के लिए कर रहे हैं. प्रतिनिधि ने भाषण में लगाए गए आरोपों को गलत बताया.
हालांकि, इसके बाद चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि परिषद में सामान्य बहस चल रही है और आजकिया को अपनी बात जारी रखने के लिए कहा. इसके बाद उन्होंने अपना भाषण दोबारा शुरू किया.
सिंध, बलूचिस्तान और KP का मुद्दा उठाया (Arif Aajakia UNHRC Speech on Pakistan)
आजकिया ने अपने संबोधन में पाकिस्तान के सिंध, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में लंबे समय से कथित मानवाधिकार उल्लंघनों का मुद्दा उठाया. उन्होंने इन घटनाओं के लिए पाकिस्तान की सेना पर आरोप लगाए. उनके भाषण में कथित हत्या, अपहरण, यातना और जबरन गायब किए जाने जैसे गंभीर आरोप भी शामिल थे.
उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान का भी जिक्र किया. आजकिया का दावा था कि इन क्षेत्रों में भी आम नागरिकों के अधिकारों का कथित तौर पर उल्लंघन किया जा रहा है.
असीम मुनीर पर भी लगाए आरोप (Arif Aajakia On Asim Munir)
अपने संबोधन में आजकिया ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर का भी नाम लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संवैधानिक बदलावों के जरिए सत्ता के केंद्रीकरण और विभिन्न क्षेत्रों के संसाधनों पर नियंत्रण मजबूत करने की कोशिश की गई है.
आजकिया ने कहा कि पाकिस्तान कई अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार समझौतों और संधियों का पक्षकार है, इसलिए उसे अपने दायित्वों के लिए जवाबदेह होना चाहिए. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से पाकिस्तान में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों की जांच और जवाबदेही की मांग की.
आजकिया ने यह भी कहा कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो जल्द सार्वजनिक किया जाएगा. वहीं, पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करने वाले बयान को भी इस घटनाक्रम का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


