जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी शीबू का पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली (इमेज-Bharat Express)
Shahjahanpur Crime News: शाहजहांपुर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में घर में घुसकर नीरज त्रिवेदी पर चाकुओं से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी शीबू उर्फ आजम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
पुलिस के अनुसार, शीबू उर्फ आजम पुत्र बाबू, उम्र करीब 35 साल, निवासी किला पाखड़, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर, अपने साथी नईम पुत्र अनीष, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी तारीन गाड़ीपुरा, थाना रामचंद्र मिशन तथा अन्य अज्ञात लोगों के साथ वादी के भाई नीरज, उम्र करीब 45 वर्ष, के घर में घुसा था. आरोप है कि हमलावरों ने नीरज पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने की घेराबंदी
घटना के संबंध में थाना रामचंद्र मिशन में मु0अ0सं0 177/2026, धारा 333/109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी.
19 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र मिशन पुलिस टीम के साथ हरदोई चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त मुकदमे में वांछित शीबू उर्फ आजम सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से हरदोई रोड की ओर आ रहा है.
बाइक से गिरा तो पुलिस पर कर दी फायरिंग
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी रुकने के बजाय मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह हाईवे से बड़े गांव वाले कट की ओर कच्चे रास्ते पर मुड़ गया. कच्चा रास्ता होने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई.
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद शीबू ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया. पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया.
अस्पताल में आरोपी का चल रहा उपचार
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शीबू उर्फ आजम पुत्र बाबू, उम्र 35 वर्ष, निवासी किला पाखड़, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर बताया. घायल आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल शाहजहांपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
ये भी पढ़ें- इजरायल को सीक्रेट जानकारी भेजने वाला जासूस गिरफ्तार, ईरान ने फांसी पर लटकाया
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा और सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है. मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. अन्य आरोपियों की तलाश में भी पुलिस टीम जुटी हुई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


