Bharat Express DD Free Dish

‘वीकेंड का वार’ में बिगड़ी सलमान खान की तबीयत? देर रात परेशान फैंस को सोशल मीडिया पर बताई सच्चाई

बिग बॉस के हालिया एपिसोड में सलमान खान के सीने में दर्द और उनके ड्रामे को देखकर फैंस काफी परेशान हो गए थे. अब खुद भाईजान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर सच्चाई बताई है कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया था और साथ ही ट्रोलर्स की भी बोलती बंद कर दी.

Bigg Boss Salman Health Update

सलमान खान ने खोला तबीयत बिगड़ने का राज़

Bigg Boss Salman Health Update: बिग बॉस का वीकेंड का वार हो और उस पर कोई ड्रामा न हो, ऐसा तो शायद ही कभी होता है. इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सलमान खान की सेहत को लेकर फैंस के बीच हड़कंप मच गया. एपिसोड के दौरान भाईजान को सीने के पास हाथ ले जाते और दर्द से जूझते देख हर कोई सहम गया था. आलम यह था कि फैंस इंटरनेट पर उनके जल्द ठीक होने की दुआएं तक मांगने लगे थे. लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है, क्योंकि खुद सलमान खान ने सामने आकर इस पूरे मामले से पर्दा उठा दिया है.

आखिर स्टेज पर क्या हुआ था?

एपिसोड में सलमान खान अचानक असहज नजर आए. उन्होंने बीच-बीच में सीने के पास दर्द का इशारा किया, बार-बार पानी मांगा और फिर स्टेज पर लेटकर डॉक्टर को बुलाने की बात कही. इसे देखकर न सिर्फ शो में मौजूद लोग बल्कि टीवी के सामने बैठे दर्शक भी डर गए थे. प्रोमो सामने आने के बाद तो मानो सोशल मीडिया पर चिंता का सैलाब आ गया. हर कोई यही सोच रहा था कि आखिर उनके चहेते सुपरस्टार की तबीयत को अचानक क्या हो गया है.

भाईजान ने तोड़ी चुप्पी, बताया सच

बढ़ती अफवाहों और फैंस की बेचैनी को देखते हुए सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की और साफ किया कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है. उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि उनकी तबीयत में कोई खराबी नहीं है. साथ ही उन्होंने शो के मेकर्स और प्रोमो एडिटर पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की. सलमान का कहना था कि प्रोमो को इस तरह से काटा और एडिट किया गया था कि लोगों को लगा उन्हें सच में कोई गंभीर हेल्थ इश्यू हो गया है, जबकि असल मामला कुछ और ही था.

किस बात पर आया था गुस्सा?

सलमान ने खुलासा किया कि उनका वह दर्द भरा नाटक दरअसल कंटेस्टेंट काजी को एक सबक सिखाने के लिए था. काजी ने घर के अंदर अपनी सेहत को लेकर ड्रामा किया था, जिससे बाकी 15 घरवाले सच में परेशान हो गए थे. सलमान का मकसद काजी को यह एहसास कराना था कि मनोरंजन के लिए अपनी हेल्थ का मजाक बनाना या झूठ बोलना कितना गलत है, क्योंकि इससे दूसरों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ होता है. लेकिन प्रोमो की गलत एडिटिंग की वजह से उनका यह संदेश ही बदल गया.

ट्रोलर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब

सिर्फ सेहत ही नहीं, पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर सलमान के लुक्स और उनके गंजेपन को लेकर भी काफी बातें हो रही थीं. एपिसोड के दौरान भाईजान का गुस्सा ट्रोलर्स पर भी फूटा जो अक्सर एक्टर्स और खासकर महिला कलाकारों को उनके लुक के लिए निशाना बनाते हैं. आलोचकों को करारा जवाब देते हुए सलमान ने स्टेज पर ही अपनी टोपी और टी-शर्ट उतार दी और बोले, “आप लोग मुझे ट्रोल करना चाहते हो? ये देखो, कोई एब्स नहीं हैं, मेरा लुक देखो… करो अब ट्रोल!”

बात अगर उनके वर्क फ्रंट की करें, तो फैंस जल्द ही उन्हें अपूर्व लाखिया की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ में एक्शन करते देखेंगे, हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है.

ये भी पढे़ं- भोजपुरी कलाकार से 10 लाख की रंगदारी की मांग, मिली जान से मारने की धमकी

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read