Delhi Metro InnoTrans 2026: दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की सहायक कंपनी ‘दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड’ (DMIL) अब बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े रेल परिवहन व्यापार मेले ‘InnoTrans 2026’ में वैश्विक स्तर पर अपनी शुरुआत करने जा रही है.
416 किलोमीटर लंबे नेटवर्क और रोजाना 65 लाख यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाने का विशाल अनुभव लेकर डीएमआईएल इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की इंजीनियरिंग और परिचालन क्षमता का लोहा मनवाएगी. बर्लिन में Hall 7.2C, Stand 240 पर मौजूदगी दर्ज कराते हुए कंपनी दुनिया भर की ट्रांजिट अथॉरिटीज और इंफ्रास्ट्रक्चर दिग्गजों के साथ साझेदारी के नए रास्ते खोलेगी.
CEO संजय जमुआर का बड़ा बयान(Delhi Metro InnoTrans 2026)
दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) श्री संजय जमुआर ने इस मौके पर कहा कि InnoTrans 2026 वैश्विक मंच पर DMRC और DMIL की विशेषज्ञता को प्रदर्शित करने का एक स्वर्णिम अवसर है. आज दुनिया भर के शहरों को आधुनिक, एकीकृत और टिकाऊ मोबिलिटी समाधानों की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि हम अपनी वास्तविक इंजीनियरिंग और operational महारत को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक ले जाने के लिए तैयार हैं. DMIL का उद्देश्य दुनिया की सर्वश्रेष्ठ तकनीकों से सीखना और वैश्विक स्तर पर कुशल शहरी परिवहन प्रणालियों के विकास में अपना योगदान देना है.
3 महीनों में 5 अंतरराष्ट्रीय टेंडरों में मारी एंट्री
वैश्विक विस्तार के तहत DMIL ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए पिछले तीन महीनों में ही 5 अंतरराष्ट्रीय निविदाओं (टेंडरों) में हिस्सा लिया है. कंपनी वर्तमान में पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) और चुनिंदा यूरोपीय बाजारों में बड़े अवसरों की तलाश कर रही है. इसके साथ ही भविष्य में उत्तरी अमेरिका और अफ्रीका के उभरते बाजारों में भी भारतीय सरकार और स्थानीय कंपनियों के सहयोग से मेट्रो व रेल परियोजनाओं के प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और O&M (परिचालन एवं अनुरक्षण) की सेवाएं देने का खाका तैयार किया गया है.
वैश्विक क्रांति लाएगी दिल्ली मेट्रो?
बर्लिन में आयोजित हो रहा InnoTrans 2026 का यह संस्करण रेल परिवहन क्षेत्र की अत्याधुनिक तकनीकों पर केंद्रित रहेगा. इनमें ऑटोनॉमस पब्लिक ट्रांसपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग जैसी टेक्नोलॉजी शामिल हैं. दिल्ली मेट्रो अपने व्यापक अनुभव-जैसे प्रोजेक्ट की फीजिबिलिटी स्टडी, निर्माण, टेस्टिंग, एसेट मैनेजमेंट और क्षमता निर्माण के दम पर दुनिया के बाकी देशों को सुरक्षित और आधुनिक मेट्रो संचालन का भरोसेमंद विकल्प मुहैया कराने के लिए पूरी तरह तैयार है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




