मायावती का अखिलेश यादव के PDA रथ पर तंज
Mayawati on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 (UP Election 2027) विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज होने लगी हैं. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं. इसके लिए पार्टी ने खास तौर पर एक मल्टी-एक्सल बस तैयार कराई है, जिसे ‘पीडीए रथ’ का नाम दिया गया है. अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) इस रथ के जरिए प्रदेश में चुनावी दौरे करेंगे. उनके कार्यक्रम की शुरुआत रायबरेली से होगी, जहां वह हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर भी जाएंगे.
अखिलेश यादव के इस नए चुनावी अभियान को लेकर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती (Mayawati) ने निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ‘पीडीए रथ’ के रंग को लेकर सवाल उठाए. मायावती ने कहा कि रथ में समाजवादी पार्टी के पारंपरिक लाल रंग की तुलना में आरएसएस और बीजेपी से जुड़े भगवा रंग की झलक ज्यादा दिखाई दे रही है.
मायावती ने मुस्लिम वोट पर उठाए सवाल
मायावती ने अपने बयान में मुस्लिम मतदाताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में मुस्लिम समाज ने बड़ी संख्या में सपा को वोट दिया, लेकिन इसके बावजूद पार्टी बीजेपी को उत्तर प्रदेश और केंद्र में सरकार बनाने से नहीं रोक सकी. मायावती के मुताबिक, ऐसे में मुस्लिम मतदाताओं को यह विचार करना होगा कि बार-बार सपा को वोट देने से उन्हें क्या हासिल हुआ. उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज के साथ-साथ ऊंची जातियों के कुछ वर्गों में भी बीएसपी के प्रति रुख बदल रहा है.
1. यूपी के आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारी हेतु समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख का प्रचारित ’पीडीए रथ’ सपा के अपने लाल रंग का कम तथा आरएसएस/भाजपा के ’भगवा’ रंग का (भगवाकरण) ज़्यादा है, तो ऐसे में लोगों में चर्चा यही है कि यह सब उनका वोटों के स्वार्थ की ख़ातिर गिरगिट की तरह लगातार…
— Mayawati (@Mayawati) September 21, 2026
पीडीए की परिभाषा पर भी निशाना
मायावती ने सपा के ‘पीडीए’ को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि चुनावी जरूरत के हिसाब से इसकी व्याख्या अलग-अलग तरीके से की जाती रही है. कभी इसे पिछड़ा-दलित और कभी पंडित से जोड़ने की बात कही गई. मायावती ने अखिलेश यादव के अंबेडकरवादी पहचान से जुड़ने के प्रयासों पर भी टिप्पणी की.
ये भी पढ़ें: ‘BJP को रोकना है तो हमसे बात करो…’ UP चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का दिया खुला ऑफर
इसके साथ ही उन्होंने बीएसपी को ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलने वाली अंबेडकरवादी पार्टी बताया और कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के लिए उनकी पार्टी की जरूरत है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



