Bharat Express DD Free Dish

‘BJP को रोकना है तो हमसे बात करो…’ UP चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का दिया खुला ऑफर

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर विपक्षी दल बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना चाहते हैं, तो उन्हें AIMIM से बातचीत करनी होगी क्योंकि कोई भी पार्टी अकेले बीजेपी को नहीं हरा सकती.

Owaisi Open to Alliance for UP Elections 2027 to Stop BJP Bharat Express

UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछने लगी है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बड़ा बयान देते हुए साफ किया है कि अगर बीजेपी को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना है, तो विपक्षी दलों को उनके साथ हाथ मिलाना होगा. ओवैसी ने कहा कि अकेले दम पर कोई भी पार्टी बीजेपी को मात नहीं दे सकती.

विपक्ष को दिया बातचीत का न्योता

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान ओवैसी ने कहा, “हम नहीं चाहते कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने. जो भी दल बीजेपी को रोकना चाहता है, उसके दरवाजे हमारे लिए खुले हैं. आइए और हमसे बात कीजिए.’ उन्होंने बिहार चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि वहां भी उनकी पार्टी ने RJD, कांग्रेस और वामपंथी दलों से सिर्फ 6 सीटें मांगी थीं, लेकिन विपक्ष ने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था. ओवैसी ने आगाह किया कि जनता सब देख रही है कि कौन बीजेपी को हराना चाहता है और कौन उसकी राह आसान कर रहा है.

2027 का चुनाव होगा बिल्कुल अलग

AIMIM चीफ ने दावा किया कि 2027 का यूपी चुनाव पिछले सभी चुनावों से बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण होगा. उन्होंने कानून-व्यवस्था, बिजली और जमीनी विवादों के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा. साथ ही उन्होंने पिछली सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहले किसी और तरह की गुंडागर्दी चलती थी, और आज किसी और तरह का दबदबा है.

राम मंदिर घोटाले की जांच रिपोर्ट पर उठाए सवाल

ओवैसी ने कथित राम मंदिर घोटाले का जिक्र करते हुए सरकार से SIT रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की. उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपियों को इतनी आसानी से जमानत कैसे मिल रही है? ओवैसी ने कहा कि यह मुद्दा आगामी चुनाव में एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनेगा.

जमीन पर उतरकर ताकत बढ़ा रही AIMIM

अपनी चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए ओवैसी ने बताया कि पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर लिया है. कानपुर के बाद वे श्रावस्ती और आजमगढ़ का दौरा करेंगे, जिसके बाद पश्चिमी यूपी में रैलियां होंगी. उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर ही उनकी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझा और उठाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें: बाबा बागेश्वर का ‘सोने की खड़ाऊ’ पर बड़ा बयान, बोले- अगली बार डायमंड की खड़ाऊ बुक करेंगे

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read