Bharat Express DD Free Dish

‘अमेरिका बस 1 शर्त माने…’, 7 दिन में होर्मुज स्ट्रेट खोलने को तैयार ईरान, लेकिन US को करना होगा ये काम

Iran US Tensions: ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका उसकी एक शर्त मान ले, तो वह सिर्फ 7 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से पूरी तरह खोल सकता है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस समुद्री मार्ग पर बढ़ते तनाव ने वैश्विक तेल बाजार और शिपिंग सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है.

iran-ready-to-reopen-strait-of-hormuz-in-7-days-if-us-meets-condition

7 दिन में होर्मुज स्ट्रेट खोलने को तैयार ईरान (इमेज-X,com)

Iran US Tensions: दुनिया की तेल सप्लाई के लिए सबसे महत्वपूर्ण रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने बड़ा दावा किया है. ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका उसकी एक शर्त मान ले, तो वह सिर्फ 7 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से पूरी तरह खोल सकता है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस समुद्री मार्ग पर बढ़ते तनाव ने वैश्विक तेल बाजार और शिपिंग सेक्टर की चिंता बढ़ा दी है.

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा रास्तों में से एक है. दुनिया के कच्चे तेल और गैस (LNG) का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. यही वजह है कि यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर सीधे तेल की कीमतों और वैश्विक बाजारों पर पड़ता है.

सैन्य दबाव कम करे अमेरिका- ईरान

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा है कि यदि अमेरिका सैन्य दबाव कम करे और ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी हटाए तो तेहरान 7 दिनों के भीतर होर्मुज को फिर से खोलने के लिए तैयार है. ईरान यह भी चाहता है कि अमेरिका आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट करे कि वह सैन्य टकराव नहीं चाहता और मामले का कूटनीतिक समाधान करेगा.

बता दें कि, अमेरिका-ईरान जंग की वजह से होर्मुज से गुजरने वाले तेल के जहाजों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. रिपोर्ट के अनुसार पहले जहां इस मार्ग से रोजाना करीब 125 बड़े जहाज गुजरते थे, वहीं अब आवाजाही में बहुत भारी कमी आई है. हाल ही में इस रास्ते से गुजर रहे दो जहाजों पर हमले की खबर सामने आई थी. जिसके बाद से इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों ने अपना रास्ता बदल दिया.

दोबारा हमला शुरू करने की तैयारी में अमेरिका

दूसरी ओर ईरान की सैन्य केंद्रीय कमान ने दावा किया है कि उसे जानकारी मिली है कि अमेरिका दोबारा से सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इसमें उसका साथ दूसरे अरब देश भी देंगे. इसे लेकर तेहरान ने चेतावनी दी है कि किसी भी नए सैन्य कदम का जवाब बहुत ही कड़ा हो सकता है.

ये भी पढ़ें- ‘ईरान को हम नहीं बनाने देंगे परमाणु हथियार..’, UNGA में ट्रंप का भाषण, जानिए अमेरिकी पावर, गाजा-फिलिस्‍तीन और UN पर क्‍या बोले

इस बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने न्यूयॉर्क पहुंचे हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने साफ किया है कि उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की कोई योजना नहीं है. फिर भी मध्यस्थों के जरिए दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना बनी हुई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read