अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराए को गिरफ्तार किया
Amritsar Encounter: अमृतसर/ ललित कुमार: पंजाब में अमृतसर देहाती पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हरमन सिंह उर्फ हरमन बोपाराए को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हरमन की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. मुठभेड़ के दौरान थाना मत्तेवाल के एसएचओ दलजीत सिंह भी बाल-बाल बच गए. गैंगस्टर की चलाई एक गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई.
मामला उस समय सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि कई आपराधिक मामलों में वांछित हरमन इलाके में घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है. सूचना के आधार पर थाना मत्तेवाल की पुलिस टीम ने भोआ और चुगावां की तरफ नहर (सूए) के पास नाकाबंदी कर दी.
स्प्लेंडर पर अकेला पहुंचा हरमन
पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद एक युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर अकेला आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया. बताया जा रहा है कि रुकने के बजाय हरमन ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. उसने करीब तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं.
इस दौरान एक गोली एसएचओ दलजीत सिंह की बांह के बेहद करीब से निकल गई. पुलिस ने पहले अपनी सुरक्षा के लिए हवाई फायर किया और आरोपी को हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी. हालांकि, पुलिस के अनुसार वह लगातार फायरिंग करता रहा. इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की ओर से करीब तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक हरमन की टांग में लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया और पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया.
गुरदासपुर ग्रेनेड हमले में भी था वांछित
एसएसपी देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि आरोपी के पास से .32 बोर की अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और इस्तेमाल किए गए कारतूस के खोल बरामद हुए हैं. पुलिस के अनुसार हरमन घोषित अपराधी (PO) है और गुरदासपुर के हनुमान चौक पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी वांछित था.
ये भी पढ़ें: छात्रों की जान बचाएगा BIT मेसरा का अनोखा पंखा! हॉस्टल में लगेंगे Anti-Suicide Fan
इसके अलावा थाना मत्तेवाल में एक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग के मामले में भी उसके खिलाफ केस दर्ज है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के प्रयास और स्नैचिंग समेत उसके खिलाफ तीन बड़े मामले दर्ज हैं. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा. पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक संपर्कों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



