Bharat Express DD Free Dish

3 नाबालिगों समेत लड़की को खंभे से बांधकर पीटा, पूरे गांव में घुमाया, 150 ग्रामीणों पर FIR

Koderma Minor Case: झारखंड के कोडरमा जिले के लोचनपुर गांव में नाबालिगों से जुड़ा मामला सामने आने के बाद हंगामा हुआ. ग्रामीणों ने तीन नाबालिगों को पकड़कर पूरे गांव में घुमाया और खंभे से बांध दिया. पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें छुड़ाया और दो अलग-अलग FIR दर्ज की.

Minors tied to a pole and beaten in Koderma.

कोडरमा में नाबालिगों को खंभे से बांधकर पीटा

Koderma Minor Case: झारखंड के कोडरमा जिले के लोचनपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हंगामा हो गया जब ग्रामीणों को पता चला कि एक नाबालिग लड़की के घर उसके दो नाबालिग साथी पहुंचे थे. ग्रामीणों ने तीनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने तीनों नाबालिगों को पूरे गांव में घुमाया और बीच बाजार में बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया. ग्रामीणों ने उनकी पिटाई की और उनसे माफी भी मंगवाई.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, लड़की के पिता बाहर काम करते हैं और मां मायके गई हुई थी. उस समय लड़की घर पर अकेली थी. ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों लड़के लगातार दो-तीन दिनों से उससे मिलने आ रहे थे. लोगों का कहना था कि इस तरह की घटनाओं से गांव का माहौल बिगड़ता है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर गलत असर पड़ता है.

मामले पर ग्रामीणों की राय बंटी

तीनों नाबालिगों को इस तरह सजा देने पर गांव में दो तरह की राय सामने आई. कुछ लोगों ने इसे सही ठहराया, जबकि कई ने इसे कानून का उल्लंघन बताया. मामला पुलिस तक पहुंचा तो कोडरमा पुलिस मौके पर आई और नाबालिगों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई. एसपी कुमार शिवशीष ने बताया कि दोनों लड़कों से पूछताछ की जा रही है और लड़की के परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई होगी.

वीडियो वायरल होने से मामला गंभीर

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया. वीडियो में नाबालिगों को बांधकर मारपीट करते हुए दिखाया गया. पुलिस ने इसे गंभीर अपराध माना और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की. आरोपियों पर POCSO एक्ट, IT एक्ट और भारतीय कानून की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब वीडियो के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान कर रही है.

लड़कों पर भी हुआ केस दर्ज

दूसरी तरफ लड़की की मां ने दोनों लड़कों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें जबरन घर में घुसने और दुष्कर्म के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है.

पुलिस ने क्या कहा?

एसपी ने कहा कि तीनों पीड़ित नाबालिग हैं और कानून के तहत उनकी पहचान उजागर करना, वीडियो प्रसारित करना और शारीरिक प्रताड़ना देना गंभीर अपराध है. इसी आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की है.

ये भी पढ़ें-नवादा में चीनी मिल, बेगूसराय में विश्वविद्यालय…, बिहार कैबिनेट ने 24 एजेंडों पर लगाई मुहर, कई इलाके होंगे विकसित

लोचनपुर की यह घटना अब दो अलग-अलग FIR और जांच के बीच पहुंच गई है. एक तरफ लड़कों पर गंभीर आरोप हैं, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों पर नाबालिगों को बंधक बनाने और वीडियो वायरल करने का केस दर्ज है. पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी अपराध की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेना स्वीकार्य नहीं है. जांच आगे बढ़ने के साथ यह तय होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल थे और आरोपों की असली स्थिति क्या है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read