UNGA में ईरान राष्ट्रपति पेजेश्कियान का ट्रंप पर पलटवार
Masoud Pezeshkian UN Speech: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि ईरान को आतंकवादी बताना गलत है, क्योंकि ईरान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है. ट्रंप ने एक दिन पहले ईरान को आतंकवाद का प्रायोजक बताते हुए उसके खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों की अपील की थी.
परमाणु ऊर्जा को बताया हक
पेजेश्कियान ने अपने संबोधन में कहा कि परमाणु ऊर्जा ईरान का अधिकार है और देश अपनी आत्मरक्षा के लिए लड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल ने ईरान के आम नागरिकों को निशाना बनाया और अत्याधुनिक हथियारों से हमले किए. उनके मुताबिक, ईरान ने कभी घुटने नहीं टेके और पूरी ताकत से अपना बचाव किया.
इजरायल पर लगाए गंभीर आरोप
ईरानी राष्ट्रपति ने इजरायल पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि इजरायली सेना अलग-अलग इलाकों में निर्दोष लोगों को निशाना बनाती है. गाजा का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां 80 हजार से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई है.
स्कूल पर हमले का किया जिक्र
पेजेश्कियान ने ईरान में एक स्कूल पर हुए हमले का भी उल्लेख किया. उन्होंने बच्चों की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि ये मासूम किसी अपराध में शामिल नहीं थे, लेकिन अमेरिकी और इजरायली हथियारों से हुए हमलों में उनकी जान गई. इससे पहले भी वे मिनाब में बच्चों और नागरिक ठिकानों पर हमलों का मुद्दा उठा चुके हैं.
ये भी पढ़ें-Explainer: लड़ाई भी, जुदाई भी नहीं; टैरिफ की तलवार के बीच ट्रंप की गर्मजोशी के क्या मायने?
अमेरिकी डेलिगेशन का वॉकआउट
जैसे ही पेजेश्कियान ने अपना भाषण शुरू किया, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने असेंबली हॉल छोड़ दिया. उनका यह बयान ट्रंप के उस भाषण के अगले दिन आया, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर सख्त रुख अपनाते हुए समझौता न होने पर सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
