Bharat Express DD Free Dish

नेपाल बाढ़ के बाद एक महीने से लापता बशीरहाट का शिक्षक दंपति, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

नेपाल में आई भीषण आपदा के एक महीने बाद भी बशीरहाट के रिटायर्ड शिक्षक दंपति अनुकूल पोद्दार और रेवा पोद्दार लापता हैं. परिजनों ने नबान्न में सीएम से मुलाकात की, वहीं बेटे ने डीएनए सैंपल दे दिया है.

Missing Retired Teacher Couple from Basirhat After Nepal Floods DNA Sample Submitted

पोद्दार दंपति

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के एक महीने बाद भी पश्चिम बंगाल के बशीरहाट से गए सेवानिवृत्त शिक्षक दंपति अनुकूल पोद्दार और रेवा पोद्दार का कोई अता-पता नहीं चल सका है.

दिन बीतने के साथ ही उनके परिजनों, पड़ोसियों और साथियों की उम्मीदें अब गहरी चिंता में बदल रही हैं. इस अनहोनी की आशंका के बीच पीड़ित परिवार ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और मदद की गुहार लगाई है.

चीन की सूची में भी नाम नहीं

मानसरोवर यात्रा पर निकले इस दंपति का सुराग जुटाने के लिए नबान्न में हुई उच्चस्तरीय बैठक के दौरान परिवार को एक बड़ा झटका लगा. दरअसल, चीन सीमा पर फंसे भारतीय नागरिकों की जो आधिकारिक सूची जारी की गई थी, उसमें अनुकूल और रेवा पोद्दार का नाम शामिल नहीं है.

ऐसे में उनकी तलाश और शिनाख्त की जटिल प्रक्रिया के तहत लापता शिक्षक के बेटे ने अपना डीएनए (DNA) सैंपल जमा करा दिया है. राज्य सरकार ने आश्वासन दिया है कि अगले चार हफ्तों में एक वर्चुअल बैठक के जरिए परिवार को इस केस से जुड़ी नई जानकारियां दी जाएंगी.

सहयात्री लौटे, लेकिन दंपति का सुराग नहीं

मामले के मुताबिक, बशीरहाट नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 के निवासी और पूर्व शिक्षक स्वपन मंडल अपनी पत्नी मौ मंडल के साथ 21 अगस्त को मानसरोवर यात्रा के लिए निकले थे. उनके साथ अनुकूल पोद्दार और रेवा पोद्दार भी बतौर सहयात्री रवाना हुए थे. यात्रा के दौरान नेपाल में कुदरत का कहर टूटा. बाद में स्वपन और मौ मंडल तो सुरक्षित अपने घर लौट आए, लेकिन अनुकूल और रेवा का संपर्क हमेशा के लिए कट गया.

सरकार ने दिया मदद का भरोसा

अब परिवार और बशीरहाट के स्थानीय निवासी बेहद भावुक और चिंतित हैं. पीड़ित परिजनों की मांग है कि राज्य और केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बनाकर जल्द से जल्द कोई ठोस खबर दे. वहीं, सरकार ने परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव प्रशासनिक और कूटनीतिक सहायता का भरोसा दिलाया है.

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी…’ उमा भारती के ऐलान से गरमाई सियासत, 2029 पर खोले पत्ते

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest