Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने सेवा यात्रा में शामिल युवाओं से किया संवाद, बोले- अनुभव जीवनभर आएंगे काम

पीएम मोदी ने वाराणसी से वडनगर जा रही सेवा यात्रा के युवाओं से बातचीत की. उन्होंने कहा कि गांवों में लोगों से मिलना और सेवा कार्यों से मिले अनुभव जीवनभर काम आएंगे.

PM Modi Seva Yatri interaction

पीएम मोदी ने सेवा यात्रा में शामिल युवाओं से किया संवाद

PM Modi Seva Yatri interaction: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (25 सितंबर) को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से वडनगर तक निकली ‘सेवा यात्रा’ में शामिल युवाओं से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने यात्रियों का हालचाल जाना और उनके सफर, सेवा कार्यों तथा गांवों में लोगों से हो रही मुलाकातों के बारे में जानकारी ली. पीएम मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान युवाओं को जो अनुभव मिल रहे हैं, वे बेहद खास हैं और आगे चलकर उनकी पूरी जिंदगी में काम आएंगे.

‘समाज और देश को करीब लाने की यात्रा’

पीएम मोदी ने कहा कि यात्रा में शामिल युवा बाबा विश्वनाथ और मां गंगा का आशीर्वाद लेकर वडनगर में प्राचीन हाटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए जा रहे हैं. रास्ते में वे अलग-अलग जगहों पर सेवा कार्य भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने का सफर नहीं है, बल्कि समाज और देश को करीब से समझने का अवसर भी है.

उत्तर प्रदेश के सेवा यात्री कुलदीप पटेल ने पीएम मोदी से अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि एक गांव में रात रुकने के दौरान स्थानीय लोगों ने बेहद उत्साह से उनका स्वागत किया. एक घर में उनके लिए स्वादिष्ट खाना बनाया गया. इसी दौरान वहां मौजूद एक छोटे बच्चे ने कहा कि वह भी मोदी जी के गांव जाना चाहता है.

युवाओं से की बातचीत

कुलदीप से पीएम मोदी ने लंबी दूरी तय करने के दौरान होने वाली परेशानी के बारे में भी पूछा. इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही है और सभी यात्री पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं.

इसके बाद पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के रायसेन में यात्रा कर रहे प्रदीप मुखर्जी से भी बात की. उन्होंने गांवों में यात्रियों के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों का आभार जताया और यात्रा के दौरान हेलमेट पहनने की सलाह दी.

पीएम मोदी ने युवाओं से पूछा कि गांवों में लोगों, किसानों और युवाओं से मिलने के बाद क्या वे जल्दी आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं या वहां कुछ समय रुककर लोगों को समझने का प्रयास करते हैं. प्रदीप मुखर्जी ने कहा कि उन्हें कहीं भागने की जल्दी नहीं है. उन्होंने बताया कि सेवा कार्य के लिए निकली यह यात्रा उन्हें प्रधानमंत्री से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का मौका दे रही है.

भारत के अलग-अलग गांवों से मिलेगा अनुभव

पीएम मोदी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के गांवों में जाकर युवाओं को भारत की विविधता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा. उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों की परंपराएं, खान-पान और जीवनशैली को केवल किताबों से पूरी तरह नहीं समझा जा सकता.


ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने क्यों धोए थे सफाईकर्मियों के पैर? सेवा यात्रियों को खुद बताया


उन्होंने युवाओं से कहा कि इस यात्रा को केवल पूरा करने की कोशिश न करें, बल्कि इसे पूरी तरह महसूस करें. उनके मुताबिक, लोगों के बीच जाकर उनकी बातें सुनना और उनकी जिंदगी को समझना अपने आप में एक बड़ा अनुभव है.

प्रधानमंत्री ने सरकारी योजनाओं के असर का जिक्र करते हुए कहा कि किसी योजना का असली महत्व तब सामने आता है, जब उसका लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी जिंदगी में बदलाव लाता है. उन्होंने कहा कि सेवा यात्रियों के लिए यह यात्रा एक तरह का प्रशिक्षण भी है, जहां वे समझ सकते हैं कि योजनाएं जमीन पर लोगों की जिंदगी को किस तरह प्रभावित करती हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read