Pakistan Afghanistan News: न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं. तालिबान और अफगानिस्तान में महिलाओं की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने अफगान महिला पत्रकार के प्रति अमर्यादित व्यवहार और आपत्तिजनक इशारा किया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है.
एक अफगान महिला पत्रकार ने रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ से सवाल किया था कि महिलाओं पर पाबंदियां लगाने वाले तालिबान के प्रति पाकिस्तान की नीति क्या है और इस्लामाबाद ने उनके रुख को बदलने के लिए समय रहते दबाव क्यों नहीं बनाया. इस सीधे और गंभीर सवाल का उत्तर देने के बजाय मंत्री ने पत्रकार को बीच में ही रोककर उनके पहनावे पर तंज कसा और गले पर हाथ फेरते हुए गला रेतने जैसा डरावना इशारा कर दिया. इस दौरान उनके साथ खड़े अन्य लोग भी ठहाके लगाकर हंसने लगे. घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर निंदा की जा रही है और इसे महिला पत्रकार को दी गई एक खुली धमकी और असंवेदनशील व्यवहार माना जा रहा है.
अंतरराष्ट्रीय मंच पर महिला पत्रकार का तीखा सवाल
संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान एक अफगान महिला पत्रकार ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को रोककर तालिबान से जुड़े अहम सवाल दागे. पत्रकार ने जानना चाहा कि अफगानिस्तान में महिलाओं पर लगी बंदिशों को लेकर पाकिस्तान अब तालिबान को क्या हिदायत देगा. इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि जब तालिबान और पाकिस्तान के रिश्ते बेहद करीबी थे, तब इस्लामाबाद ने उन पर महिलाओं के पक्ष में नीतियां बदलने का दबाव क्यों नहीं डाला.
An Afghan woman asked #KhawajaAsif a legitimate question about Pakistan’s friendship with Taliban, and Taliban’s treatment of #AfghanWomen, and why #Pakistan did not challenge these policies from the beginning when the #Taliban were considered friends.
His response? Don’t go… pic.twitter.com/cJFVGCbhKB— Aina Durkhanai آئینه درخانۍ (@khybereena) September 26, 2026
सवाल का जवाब देने के बजाय दिया धमकी भरा इशारा
गंभीर सवाल का सामना करते ही रक्षा मंत्री असहज हो गए और उन्होंने पत्रकार को बात पूरी करने से पहले ही रोक दिया. उनके पहनावे की तरफ संकेत करते हुए मंत्री ने कहा कि इस रूप में वापस जाने पर उनका क्या अंजाम हो सकता है, और फिर अपने हाथ को गले के पास ले जाकर काटने जैसा इशारा किया. इस दौरान मंत्री के साथ खड़े प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी गंभीर मुद्दे को दरकिनार कर ठहाके लगाते नजर आए.
सीमा पर तनाव और कूटनीतिक रिश्तों में खटास
यह वाकया ऐसे समय सामने आया है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सैन्य तनातनी अपने चरम पर है. हालिया दिनों में पाकिस्तान ने अफगान सीमा के भीतर ड्रोन और हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में अफगान सरकार ने चार नागरिकों की मौत का दावा करते हुए कड़ी आपत्ति जताई थी. कूटनीतिक अस्थिरता के बीच पाक मंत्री का यह गैर-जिम्मेदाराना रवैया वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान की छवि को और नुकसान पहुंचा रहा है.
यह भी पढ़ें-7 अक्टूबर की दरिंदगी का हिसाब! नोआ अर्गमनी को बाइक पर अगवा कर भागने वाला हमास आतंकी गाजा में ढेर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

